logo

32 साल की सेवा के बाद रिटायर हुआ INS खुकरी, लगा चुका है दुनिया के 30 चक्कर

32 साल की सेवा के बाद रिटायर हुआ INS खुकरी, लगा चुका है दुनिया के 30 चक्कर

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

इंडियन नेवी में 32 साल तक सेवा देने के बाद आईएनएस खुकरी सेवानिवृत्त कर दिया गया। गौरतलब है कि आईएनएस खुकरी स्वदेश निर्मित पहले मिसाइल कार्वेट में से था। 23 दिसंबर को आईएनएस खुकरी को सेवा से हटा दिया गया। सेवा के दौरान इस युद्धपोत की कमान 28 कमांडिंग ऑफिसर्स ने संभाली। पूरी सेवा के दौरान आईएनएस खुकरी ने 6 लाख 44 हजार 897 समुद्री मील की दूरी तय की। 

विशाखापट्टनम में आयोजित हुआ था कार्यक्रम
इंडियन नेवी से आईएनएस खुकरी की विदाई के मौके पर 24 दिसंबर को विशाखापट्टनम में जहाज का भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया। यहां परंपरागत तरीके से युद्धपोत को विदाई दी गई। इस दौरान नौसेना के कई बड़े अधिकारियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विदाई समारोह में जहाज से राष्ट्रीय ध्वज, नौसेना की पताका और डीकमिशनिंग पेनेंट कोष सूर्यास्त के वक्त उतारा गया। इस दौरान पूर्वी नौसेना कमान के वाइस एडमिरल बिस्वजीत दासगुप्ता भी मौजूद थे। उनकी निगरानी में सारा कार्यक्रम हुआ। 

मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने बनाया था जहाज
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 23 अगस्त 1989 को मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स द्वारा आईएनएस खुकरी को बनाया गया था। इसे पश्चिमी और पूर्वी दोनों बेड़े का हिस्सा बनने का गौरव हासिल था। जहाज को मुंबई में तात्कालीन रक्षामंत्री कृष्णचंद्र पंत और एमवीसी के दिवंगत कैप्टन महेंद्र नाथ मुल्ला की पत्नी सुधा मुल्ला ने कमांडर संजीव भसीन के साथ अपने पहले कमांडिंग ऑफिसर के रूप में कमीशन दिया था। 

गोरखा ब्रिगेड का हिस्सा रहा था आईएनएस खुकरी
शुक्रवार को भारतीय नौसेना ने इसे लेकर आधिकारिक बयान जारी किया था। बताया कि ये जहाज भारतीय सेना के गोरखा ब्रिगेड से जुड़ा था। यही वजह है कि गोरखा ब्रिगेड के अध्यक्ष जनरल पीएन अनंतनारायण ने इस समारोह में हिस्सा लिया था।