logo

ईंट भट्टा में मजदूरी कर रही थी अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी संगीता सोरेन, खेल मंत्रालय ले लिया संज्ञान

8842news.jpg
द फॉलोअप टीम, धनबाद: 
कुछ दिनों पहले झारखंड के एक हिंदी दैनिक में तस्वीर के साथ खबर छपी। ये तस्वीर अंतर्राष्ट्रीय महिला फुटबॉलर संगीता कुमारी की थी। तस्वीर में संगीता ईंट भट्टे पर मजदूरी करती नजर आईं। भारतीय टीम की तरफ से भूटान औऱ थाईलैंड में बतौर स्ट्राइकर खेल चुकी संगीता की ये तस्वीर सरकार के उन दावों को शर्मिदां करने के लिए काफी थी जिसमें झारखंड के खिलाड़ियों के नियोजन का वादा किया गया था। अब संगीता कुमारी को मदद मिल गयी है। 



किरिण रिजिजू ने दिया वित्तीय सहायता का भरोसा
खेल राज्यमंत्री किरिण रिजिजू ने संगीता कुमारी के मामले में संज्ञान लिया और उनकी वित्तीय सहायता पहुंचाने का वादा किया। किरिण रिजिजू ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल पर लिखा कि मुझे फुटबॉलर संगीता सोरेन के बारे में जानकारी दी गयी थी। इन्होंने कई अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस महामारी में संगीता सोरेन वित्तीय संकट से जूझ रही हैं। किरिण रिजिजू ने लिखा कि मेरे कार्यालय ने उनसे संपर्क स्थापित किया। उनको जल्दी ही वित्तीय सहायता दी जायेगी उन्होंने काह कि एथलीटों का सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। किरिण रिजजू को इसकी जानकारी कुणाल षाड़ंगी ने दी थी। 



लॉकडाउन में आर्थिक संकट की वजह से की मजदूरी
गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉलर संगीता सोरेन धनबाद के भूली बासमुड़ी गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने साल 2018 में पहले भूटान में भारतीय अंडर-18 टीम का प्रतिनिधित्व किया और फिर इसी साल थाईलैंड में आयोजित अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया। भूटान में बतौर स्ट्राइकर गोल भी दागा। संगीता बताती हैं कि उनका भाई दिहाड़ी मजदूरी करके घर चलाता था लेकिन महामारी की वजह से लगे लॉकडाउन में काम मिलना बंद हो गया। परिवार आर्थिक संकट से जूझने लगा। ऐसे में मजबूरन संगीता सोरेन को ईंट भट्टे में मजदूरी करनी पड़ी। 

ईंट ढोती संगीता सोरेन की तस्वीर हुई थी वायरल
ईंट ढोती संगीता की तस्वीर के साथ समाचार छप गया। समाचार की कटिंग के साथ बहरागोड़ा से पूर्व बीजेपी विधायक कुणाल षाड़ंगी ने ट्वीट किया। ट्वीट में खेल राज्यमंत्री किरिण रिजिजू को टैग किया। इस ट्वीट में कुणाल षाड़ंगी ने लिखा कि धनबाद की रहने वाली संगीता कुमारी एक अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉलर हैं। वो वर्तमान में ईंट भट्टे पर काम कर रही हैं। लॉकडाउन की वजह से उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। कृपया इनकी यथासंभव सहायता की जाये। 

कुणाल षाड़ंगी ने किरिण रिजिजू का शुक्रिया अदा किया
संगीता सोरेन को मदद मिल जाने के पश्चात कुणाल षाड़ंगी ने एक और ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि किरिण रिजिजू का इस मामले में हस्तक्षेप करने के लिए बहुत शुक्रिया। मुझे खुशी है कि आपकी मदद से झारखंड की एक शुद्ध प्रतिभा को अब एक सम्मानजनक जीवन जीने का मौका मिलेगा जिसकी वो वाकई हकदार है। कृपया संगीता और उनके परिवार की सहायता करना जारी रखिए।