logo

ठंडी हवा से ठिठुरा झारखंड,  फिलाहाल राहत की उम्मीद नहीं, और गिरेगा तापमान

ठंडी हवा से ठिठुरा झारखंड,  फिलाहाल राहत की उम्मीद नहीं, और गिरेगा तापमान

द फॉलोअप टीम, रांची:

झारखंड शीतलहर की चपेट में है। कई जिलों का तापमान पांच डिग्री तक पहुंच गया है। रविवार को कांके में पारा 4.3 डिग्री पर रहा। वहीं मैकलुस्कीगंज में यह 3 डिग्री पर रहा। वहीं गुमला, लोहरदगा में भी पारा दो डिग्री पर रहा। रांची शहर का तापमान आठ से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी तपामान के तीन से चार डिग्री तक और नीचे गिरेने की बात कही जा रही है। 

राहत की उम्मीद नहीं 

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले चार-पांच दिनों तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। हवा की गति सामान्य से तेज है जिससे ठंड का एहसास ज्यादा हो रहा है। सोमवार को राजधानी सहित राज्य के 10 जिलों का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे रह सकता है। शेष जिलों का तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच हो सकता है। फिलहाल ठंड से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने कहा है कि गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, गुमला और खूंटी में तापमान ज्यादा गिरेगा इसलिए यहां के लोगों को ठंड से ज्यादा बचने की जरूरत है। 

पहाड़ों में हो रही बर्फबारी 

दरअसल हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी से उत्तर दिशा से सर्द हवा का बहाव तेज होने से राज्य का तापमान लुढ़क गया है। अगले 24 घंटे के दौरान झारखंड के उत्तरी और मध्य भाग में न्यूनतम तापमान एक से दो डिग्री सेसि और दक्षिणी भाग के पूर्वी एवं पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में पारा तीन से चार डिग्री सेसि नीचे जा सकता है।