logo

कांग्रेस पार्टी कोरोना मरीजों को देगी मेडिकल उपकरण, डॉ. रामेश्वर उरांव ने दी जानकारी

8199news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के निर्देश पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कोरोना संक्रमितों को और अधिक प्रभावी तरीके से सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस, ऑक्सीमीटर और थर्मामीटर समेत अन्य चिकित्सीय उपकरण उपलब्ध कराने की योजना बना रही है। कांग्रेस राहत और निगरानी समिति के कंट्रोल रूम में तमाम बिंदुओं पर चर्चा की गयी। बैठक में कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। 

कोरोना मरीजों तक समय पर पहुंचे सहायता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने इस अवसर पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि कांग्रेस अध्यक्षा का मानना है कि यदि कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए समय पर एंबुलेंस और अन्य चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध हो जाए तो यह उनके स्वास्थ्य में सुधार के लिए काफी सहायक सिद्ध होगा। इसके अलावा संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर, दवाईयां और अन्य चिकित्सीय उपकरण की भी जरूरत है। इसकी व्यवस्था भी पार्टी द्वारा अपने स्तर पर की जाये। 

मरीज के परिजनों को राहत पहुंचाया जाएगा
डॉ. उरांव ने कहा कि कई बार किसी संक्रमित की मौत हो जाने पर एंबुलेंस चालकों की मनमानी की भी खबर आती है। ऐसे में अर्थी वाहन की भी व्यवस्था कर परेशान परिजनों को राहत पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। डॉ0 रामेश्वर उरांव ने कहा कि सभी विभागों में तो राजस्व संग्रहण नहीं होता। अभी आर्थिक गतिविधियां कम हुई हैं। डीजल-पेट्रोल की खपत भी कम हुई जिससे राजस्व संग्रहण का काम प्रभावित हुआ है। उम्मीद है कि जल्द ही संकट के बादल छंटेंगे और स्थिति में तेजी से सुधार होगा। 

जनसेवा के कार्यों में जुटी हुई है कांग्रेस पार्टी
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस ही एक मात्र ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है, जो अपनी एक सदी से अधिक पुरानी परंपरा का निर्वहन करते हुए जनसेवा के कार्यों में जुटी है। यही कारण है कि जब दिल्ली में भाजपा के एक सांसद बीमार पड़ते है, तो उन्हें मदद के लिए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को फोन करना पड़ता है। न्यूजीलैंड के दूतावास को भी कोरोना संक्रमण के दौरान ऑक्सीजन की जब जरुरत पड़ती है, तो वहां युवा कांग्रेस के कार्यकर्त्ता ही ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर खड़े नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा ही कांग्रेस का ध्येय है। 

कंट्रोल रूम के जरिए लोगों की हरसंभव सहायता
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने कहा कि 21 अप्रैल से संचालित कंट्रोल रूम के हेल्प डेस्क के माध्यम से लगातार कई लोगों को सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि झारखण्ड में भी कांग्रेस पार्टी जनता की सेवा में लगी हुई है। सोनिया गांधी की इच्छा के अनुरुप झारखण्ड प्रदेश में कार्य किया जायगा। स्वास्थ्य विभाग के चेयरमैन डॉ0 पी.नैयर और डॉ0अशोक भगत तथा सौरभ वर्मा की टीम ने फोन करने वाले संक्रमितों और उनके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करायी।