द फॉलोअप टीम, रांचीः
राज्य की गरीब जनता के पास भले ही खाने के लाले पड़े हो, लेकिन राज्य के मंत्रियों को किसी तरह की परेशानी नही होनी चाहिेए। परेशानी हो भी क्यों भाई आखिर वह हमारे राज्य के कर्ताधर्ता जो ठहरे। अभी यह तय ही हुआ है कि राज्य के सभी मंत्रियो को आलिशान घर बनवा कर दिया जाएगा, कि इसी बीच मंत्रियों के लिए एक और खुशखबरी है।
जी हां झारखंड के मंत्रियों को राज्य सरकार नई गाड़ी देने वाली। मंत्रियों के लिए टोयोटा कंपनी की फॉर्च्यूनर गाड़ी की खरीदारी की जाएगी। 11 मंत्रियों को फॉर्च्यूनर दिया जाएगा जिसमें करीब 3 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी मिलेगी गाड़ी
बताया जा रहा है कि गाड़ियों की खरीदारी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। दिसंबर में ही मंत्रियों को नई फॉर्च्यूनर दे दी जाएगी। राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भी नई गाड़ी खरीदी जाएगी। हालांकि उनकी गाड़ियों का मॉडल अब तक तय नहीं है लेकिन यह तय है कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री के लिए खरीदी जाने वाली गाड़ियां सेडान सेगमेंट की ही होगी । वर्तमान में मुख्यमंत्री बीएमडब्ल्यू की सवारी करते हैं।
कबाड़ में पड़ी हैं गाड़ियां
राज्य सरकार के पास कबाड़ में गाड़ियों का भंडार लगा है। नेपाल हाउस व प्रोजेक्ट भवन स्थित सचिवालय जाकर देख लिजिए गाड़ियां किस तरह सड़ रही है। टाटा सफारी, बोलेरो, अंबेसेडर, मार्शल जैसी गाड़ियां बेकार पड़ी हुई है। इन वाहनों में कई ऐसे भी हैं जिनके खरीदारी 2005 से 2014 के बीच हुई थी। अगर चाहते तो इनका इस्तेमाल किया जा सकता था। इनमें से कई गाड़ियों की मरम्मत के बाद इस्तेमाल किया जा सकता था।