logo

रांची: अन्नपूर्णा देवी के मंत्री बनने पर झामुमो ने ली चुटकी, कहा- कोरोना काल में एसी कमरे में छिपने का ईनाम मिला

10586news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

बुधवार को मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। झारखंड से अन्नपूर्णा देवी को मंत्रीपद मिला। कोडरमा लोकसभा सीट से पहली बार जीतकर संसद पहुंची अन्नपूर्णा देवी को शिक्षा राज्यमंत्री का दायित्व दिया गया है। अन्नपूर्णा देवी को राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद से ही बीजेपी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच जुबानी जंग जारी है। ट्विटर पर भी दोनों पार्टियों के नेता परस्पर कीचड़ उछालने से बाज नहीं आ रहे। 



शिक्षा राज्यमंत्री बनाई गईं अन्नपूर्णा देवी
ताजा मामला केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी के एक ट्वीट से जुड़ा है। दरअसल, शिक्षा राज्यमंत्री बनाए जाने के बाद अन्नपूर्णा देवी ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया। इसमें लिखा कि  माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा मुझे केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में काम करने का दायित्व देने के लिए उनके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में अपने इस नए दायित्व का निर्वहन करने का पूरा प्रयास करूंगी। 



कोडरमा झामुमो ने मंत्री पर साधा निशाना
अन्नपूर्णा देवी का इतना कहना था कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की कोडरमा जिला इकाई ने इस पर पलटवार किया। व्यंग्यात्मक लहजे में झामुमो कोडरमा के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया गया। इसमें लिखा था कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान आप जनता से दूर रहीं और बीमारी का बहाना बना कर घर में छिपी रही। जिले की जनता सहित लोकसभा क्षेत्र की जनता भी आपको ढूँढती रही लेकिन आप अपने AC वाले कमरे में कैद रही। इसी का इनाम आपको मिला है। 


बुधवार को किया गया मंत्रिमंडल का विस्तार
गौरतलब है कि बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। इसमें रविशंकर प्रसाद, डॉ. हर्षवर्धन और प्रकाश जावड़ेकर जैसे दिग्गज मंत्रियों की छुट्टी कर दी गई। उनकी जगह ज्योतिरादित्य सिंधिया, नारायण राणे और अनुराग ठाकुर जैसे युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गईं। मंत्रालय में भी फेरबदल किया गया है। झारखंड की अन्नपूर्णा देवी को भी मंत्री बनाया गया। अन्नपूर्णा देवी संयुक्त बिहार और झारखंड को मिलाकर 4 बार विधायक रह चुकी हैं। झारखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं। 2019 में पहली बार लोकसभा पहुंचीं।