logo

JPSC अभ्यर्थियों ने निकाली 'मुख्यमंत्री न्याय गुहार यात्रा', मामले की निष्पक्ष CBI जांच की मांग

JPSC अभ्यर्थियों ने निकाली 'मुख्यमंत्री न्याय गुहार यात्रा', मामले की निष्पक्ष CBI जांच की मांग

द फॉलोअप टीम, रांची: 

सातवीं जेपीएससी पीटी परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन जारी है। बुधवार को झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन के बैनर तले मोरहाबादी मैदान की बापू वाटिका से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक मार्च निकाला गया। इस मार्च को मुख्यमंत्री न्याय गुहार यात्रा कहा गया। इसमें विभिन्न जिलों से आये जेपीएससी अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। गौरतलब है कि अभ्यर्थियों को मोरहाबादी टीओपी के पास ही रोक लिया गया। अभ्यर्थी आगे जाने की मांग पर शाम तक डटे रहे। 

मुख्यमंत्री से मिलने की मांग पर अड़े अभ्यर्थी
जेपीएससी अभ्यर्थी लगातार मांग कर रहे थे कि उनको मुख्यमंत्री से मिलने दिया जाये। अभ्यर्थयों का कहना था कि जब तक मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो जाती, वे वहां से नहीं हटेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री न्याय गुहार यात्रा में अलग-अलग जिलों से आये हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। मौके पर जेएसएसयू के अध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो औऱ महासचिव मनोज यादव ने कहा कि सातवीं से दसवीं जेपीएससी परीक्षा में धांधली हुई है। आंदोलन का ही परिणाम है कि आयोग हठधर्मिता छोड़ अपनी गलती स्वीकार कर रहा है। आयोग ने वैसे 57 अभ्यर्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किया जिनको सेटिंग से पास किया गया था। 

जेपीएससी मामले की जांच CBI से कराने की मांग
जेएसएसयू ने मांग की है कि जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा गड़बड़ी मामले की जांच सीबीआई द्वारा की जानी चाहिए। परीक्षा को रद्द किया जाना चाहिए। संघ ने कहा कि जेपीएससी में भारी गड़बड़ी की गई है। सामान्य वर्ग का अभ्यर्थी 148 अंक लाकर भी पास है जबकि इसका कटऑफ 260 है। एसटी वर्ग का अभ्यर्थी 128 अंक लाकर भी पास है जबकि उसका कटऑफ 230 है। क्वेश्चन पेपर लिक का भी आरोप जेएसएसयू ने लगाया है। इनका कहना है कि रोज भ्रष्टाचार का नया मामला उजागर हो रहा है। 

आयोग से आ रही है भीषण भ्रष्टाचार की बदबू
जेएसएसयू ने कहा कि आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने ईमेल के जरिये अभ्यर्थियों से दोनों पालियों का ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र मांगा है। नहीं देने पर आयोग द्वारा कार्रवाई करने की खुली धमकी दी जा रही है। परिणाम प्रकाशित होने के 39 दिन बाद अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट के साथ बुलाना ये दर्शाता है कि बिना कॉपी जांचे सेटिंग के जरिये परिणाम प्रकाशित किया गया। पैरवी पुत्रों को केवल रोल नंबर देखकर उत्तीर्ण घोषित कर दिया गया। अब जबकि आयोग पर ओएमआर शीट वेबसाइट पर अपलोड करने का दबाव बढ़ रहा है तो खलबली मच गई है। इसमें भ्रष्टाचार की बदबू आ रही है। 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री से अभ्यर्थियों की मांग
झारखंड स्टेट स्टूडेंट यूनियन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल से मांग की है कि सातवीं से दसवीं जेपीएससी पीटी परीक्षा को रद्द किया जाये। परीक्षा में शुरू से ही भ्रष्टाचार किया गया। क्वेश्चन पेपर लिक किया गया। बिना कॉपी जांचे परिणाम घोषित किया गया। परीक्षा केंद्रों में कदाचार भी हुआ है। अब जेएसएसयू की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से करवाई जाये।