द फॉलोअप टीम, रांची:
कार्मिक विभाग ने बड़े पैमाने पर नियुक्तियों की अधियाचना राज्य कर्मचारी चयन आयोग के समक्ष भेजी है। नगर विकास विभाग, उत्पाद, पथ निर्माण विभाग सहित अन्य विभिन्न विभागों की अधियाचना राज्य कर्मचारी चयन आयोग को दी गयी है। एक दिन पूर्व ही सिर्फ चार हजार से अधिक अधियाचना आयोग को विभिन्न पदों में नियुक्ति करने के लिए भेजी गयी है. मिली जानकारी के अनुसार जल्द ही बड़ी संख्या में रिक्तियों का ब्योरा आयोग को भेजा जायेगा ताकि जल्द से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके।

संशोधित 2021 नियमावली के तहत होगा चयन
सारी नियुक्तियां झारखंड राज्य कर्मचारी चयन आयोग के संशोधित 2021 नियमावली के तहत की जायेगी. मिली जानकारी के अनुसार कर्मचारी चयन आयोग ने भी इसके लिए एक विशेष सेल बनाया है। परीक्षा नियंत्रक इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। नियुक्तियों से संबंधित विज्ञापन अखबारों में जारी करने की प्रक्रिया तेज की गयी है। नये साल में बड़े पैमाने पर नियुक्ति परीक्षा होगी, जिसके बाद राज्य के लोगों को नियुक्ति के अवसर मिलेंगे।