द फॉलोअप टीम, मुंबई:
देश में 67वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की गयी। इस साल कुल 461 फिल्मों को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की लिस्ट में रखा गया था। दिवंगत सुशांत सिंह राजपूत स्टारर फिल्म छिछोरे को बेस्ट हिंदी फीचर फिल्म के लिये चुना गया। छिछोरे सुशांत सिंह राजपूत के निधन से पहले रिलीज होने वाली उनकी आखिरी फिल्म थी। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में अभिनेत्री कंगना रनौत छाई रहीं।
कंगना रनौत को मिला 2 राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी और पंगा के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी में कंगना रनौत ने 1857 के स्वाधीनता संग्राम में भाग लेने वाली रानी लक्ष्मीबाई का किरदार निभाया था। वहीं फिल्म पंगा में कंगना रनौत ने ऐसी कबड्डी प्लेयर का किरदार निभाया था जो 32 साल की उम्र में दोबारा राष्ट्रीय कबड्डी टीम में वापसी करती है। बता दें कि कंगना रनौत पहले भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकी हैं। कंगना रनौत फिल्म फैशन, क्वीन और तनु वेड्स मनु रिटर्न्स के लिये राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीत चुकी हैं। कंगना इन दिनों सुर्खियों में बनी रहती हैं।
मनोज वाजपेयी ‘भोंसले’ के लिये चुने गये बेस्ट एक्टर
मशहूर बॉलीवुड अभिनेता मनोज वाजपेयी को फिल्म भोंसले के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। इस फिल्म में मनोज वाजपेयी ने मुंबई पुलिस के ऐसे कांस्टेबल का किरदार निभाया है जो एकाकी जीवन जीता है। आसपास के लोगों से ज्यादा घुलता मिलता नहीं है। इस बीच एक बिहारी लड़की और उसके भाई के प्रति स्नेह जताता है। फिल्म के आखिर में लड़की का रेप करने वाले स्थानीय नेता की हत्या कर देता है। मनोज वाजपेयी को इसके पहले पिंजर और सत्या के लिये भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिल चुका है। सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवॉर्ड दक्षिण भारतीय फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता धनुष को भी मिला है। धनुष को ये पुरस्कार तमिल फिल्म असुरन के लिये मिला। धनुष रांझणा और शमिताभ जैसी हिंदी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं।
तेरी मिट्टी के लिये बी प्राक को सर्वश्रेष्ठ गायक का अवॉर्ड
सर्वश्रेष्ठ पुरुष प्लेबैक सिंगर का राष्ट्रीय पुरस्कार बी प्राक को दिया गया। बी प्राक को ये अवॉर्ड अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म केसरी के गाने तेरी मिट्टी में मिल जावां के लिये दिया गया। ये गाना लोकप्रिय गीतकार मनोज मुंतसिर ने लिखा है। इस गाने को फिल्मफेयर का अवॉर्ड नहीं दिया गया था जिसकी वजह से मनोज मुंतसिर काफी नाराज हुये थे। इसकी जगह फिल्म गली ब्वॉय के गाने अपना टाइम आएगा नाम के गाने को सर्वश्रेष्ठ लिरिक्स का फिल्मफेयर पुरस्कार दे दिया गया था।
सुशांत सिंह राजपूत की छिछोरे सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म
सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार छिछोरे को मिला। नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित ये फिल्म इंजीनियरिंग कॉलेज की जिंदगी पर आधारित थी। फिल्म में दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर ने मुख्य भूमिका निभाई थी। फिल्म में वरूण शर्मा, ताहिर भसीन, प्रतीक बब्बर जैसे कलाकार भी नजर आये थे। इस फिल्म को समीक्षकों की भी खूब तारीफ मिली थी। सुशांत सिंह राजपूत के काम की भी खूब तारीफ हुई थी। छिछोरे साल 2019 की सबसे बड़ी हिट फिल्म साबित हुई थी।
पल्लवी जोशी को बेस्ट सपोर्टिंग रोल फीमेल का अवॉर्ड
चूंकि ये राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा थी इसलिये क्षेत्रीय सिनेमा को भी अवॉर्ड मिला। सर्वश्रेष्ठ तेलुगु फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार जर्सी को मिला। रब दा रेडियो सर्वश्रेष्ठ पंजाबी फिल्म के रूप में चुनी गयी। इगी कोना बनी सर्वश्रेष्ठ उड़िया फिल्म। धनुष अभिनीत असुरन को सर्वश्रेष्ठ तमिल फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट का अवॉर्ड का खिताब सिक्किम को दिया गया। बेस्ट नॉन फीचर फिल्म बनी एन इंजीनियर्ड ड्रीम। बेस्ट सपोर्टिंग रोल मेल का अवॉर्ड विजय सेतुपति को मिला तमिल फिल्म सुपर डीलक्स के लिये। बेस्ट सपोर्टिंग रोल फीमेल का अवॉर्ड द ताशकंद फाइल्स के लिये पल्लवी जोशी को मिला।