logo

मजदूर की बेटी का BSF में हुआ चयन तो खुशी से झूमा पूरा गांव, पढ़िए संघर्ष की अनकही कहानी

मजदूर की बेटी का BSF में हुआ चयन तो खुशी से झूमा पूरा गांव, पढ़िए संघर्ष की अनकही कहानी

द फॉलोअप टीम, राजगढ़ः
राजगढ़ जिले के पिपल्या रसोड़ा गांव में रहने वाली संध्या का चयन बीएसएफ में हुआ है। 8 महीने की ट्रेनिंग के बाद जब संध्या अपने गांव पहुंची तो पूरा गांव खुशी से झूम उठा। लोगों ने संध्या का स्वागत ढ़ोल नगाड़े  के साथ किया। दरअसल संध्या की सफलता पर पूरा गांव इसलिए खुश है क्योंकि बहुत ही संघर्ष के बाद संध्या के घर खुशी आई है। जब संध्या वर्दी में गांव लौटी तो परिवार के साथ गांव वाले भावुक हो गए।  ग्रामीणों के साथ संध्या ने भी जमकर डांस किया और कहा  यह मेरे लिए यादगार पल है।


पिता मजदूरी करते हैं
संध्या के पिता पेशे से मजदूर हैं। मजदूर देवचंद भिलाला की बेटी संध्या भिलाला का अप्रैल 2021 में बीएसएफ में चयन हुआ था। संध्या राजस्थान ट्रेनिंग के लिए चली गई। रविवार को ट्रेनिंग खत्म कर वह 8 महीने बाद वर्दी में वापस लौटी। 27 साल की संध्या ने यह साबित कर दिया कि अगर आपमें कुछ कर दिखाने का जज्बा है तो दुख की चट्टान भी आपके हौंसलों के आगे घुटने टेक देती है। देवचंद भिलाला की 3 बेटियां और 2बेटे हैं, जिसमें से तीसरे नंबर की है। संध्या नेपाल, भूटान की बॉर्डर पर सुरक्षा करेगी। संध्या के लिए यह आसान नहीं था। संध्या दूसरों के खेतों पर काम किया करती थी । मजदूरी के रुपयों से ही उसने 12वीं तक की पढ़ाई की। 


स्कूलों में पढ़ाना शुरू किया 
12वीं पास करने के बाद संध्या ने प्राइवेट स्कूल में पढ़ाना शुरू किया और अपनी पढ़ाई भी जारी रखी। गांव में 2 लोग फौज में हैं, उनको देख उसे भी सेना में भर्ती होने का जुनून चढ़ा। वह सुबह उठकर दौड़ लगाने लगी।  सुबह 5 बजे गली में दौड़ती नजर आने लगी। 2 बार फौज में विफल भी हुई। लेकिन हार नहीं मानी और लगातार 7 साल प्रयास करने के बाद उसे आखिरकार बीएसएफ में चुन लिया गया ।