द फॉलोअप टीम, बोकारोः
कई पेंशनधारियों की जिंदगी सरकार द्वारा दी जाने वाली पेंशन से ही चलती है। अगर समय पर पेंशन ना मिले तो उनका पूरा जीवन अस्त-वयस्त हो जाता है। राज्य सरकार की तरफ से जो पेंशन दी जाती है उसका अक्टूबर माह तक का भुगतान लाभुकों को हो चुका है। नवंबर की पेंशन अभी भी बाकी है। जिनको पेंशनभोगियों को केंद्र सरकार की योजना से जोड़ा गया है, उन्हें अगस्त के बाद भुगतान नहीं किया गया है। पेंशन की आस में लाभुक बैंक का चक्कर लगा रहे हैं।
बोकारो गोमिया प्रखंड में इतने लाभुक
बता दें कि बोकारो में करीब 1 लाख 5 हज़ार पेंशनभोगी हैं। गोमिया प्रखंड में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 6719 लाभुक हैं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना-1542, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना- 88, मुख्यमंत्री राज्य वृद्धा पेंशन योजना- 3899, मुख्यमंत्री राज्य विधवा सम्मान पेंशन योजना- 2306, मुख्यमंत्री आदिम जनजाति पेंशन योजना- 121, मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पेंशन योजना- 18, स्वामी विवेकानन्द निशक्त पेंशन योजना- 832 लाभुक हैं।

यूनिवर्सल पेंशन योजना हो रहा संचालित
गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत संचालित पेंशन योजनाओं में एपीएल और बीपीएल कार्ड की बाध्यता समाप्त कर दी है। इसे यूनिवर्सल पेंशन योजना का नाम दिया गया है। 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले हर वर्ग के बुजुर्ग और निराश्रित इस इस पेंशन स्कीम के दायरे में आएंगे। लाभ लेने के लिए सिर्फ एक सीमा ये है कि वो आयकर दाता की श्रेणी में ना आते हों।
लाभार्थियों को एक हजार रुपये की पेंशन महीने की 5 तारीख को प्रतिमाह उनके बैंक खाते में प्राप्त होगी। ये योजना 15 नवंबर से लागू की गई है. बताया गया है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की तरफ से पूर्व से संचालित पेंशन योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार एक निश्चिक संख्या में लाभार्थियों का चयन किया जाता था।
