द फॉलोअप टीम, डेस्कः
कोविड का नया वेरिएंट दस्तक दे रहा है। कोरोना वायरस खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। एक बार फिर कोरोना वायरस दुनिया के लिए आफत बनता जा रहा है। गौरतलब है कि कोविड के ओमिक्रॉन वेरिएंट के कारण एक बार फिर दुनिया में पाबंदियां लौट रही हैं। बता दें आज की तारीख में ओमिक्रॉन वेरिएंट से सबसे बुरा हाल तो इंग्लैंड का है। साथ ही यूके, अमेरिका, फ्रांस समेत कई और देश में हर दिन संक्रमितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। ब्रिटेन तो एक बार फिर से लॉकडाउन लगाने पर विचार करने लगा है।
ओमिक्रॉन से ब्रिटेन का बुरा हाल
कोरोना वायरस के ओमिक्रान वेरिएंट की दस्तक के साथ ब्रिटेन में हालात बद से बदत्तर होते जा रहे हैं। बीते शनिवार को यूके में कोरोना वायरस के 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आये। जिसके करीब 25 हजार मामले ओमीक्रोन वेरिएंट के हैं। ऐसा ही रहा तो यह आकड़ा जल्द ही लाख को छू सकता है। वहीं, रिपोर्ट के मुताबिक नए वेरिएंट से ब्रिटेन में अब तक सात लोगों की मौत भी हो चुकी है।

जर्मनी ने रोक लगाया ब्रिटेन यात्रियों पर
कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट से ब्रिटेन के साथ-साथ अन्य यूरोपिय देश भी परेशान हैं। जर्मनी की सरकार ने अपने देश में पाबंदियां कड़ी कर दी है। यूके से आने वाले यात्रियों पर भी सरकार ने फिलहाल पाबंदी लगा दी है। इधर, फ्रांस सरकार ने नये वेरिएंट को देखते हुए नियम सख्त कर दिए है। वहीं, डेनमार्क ने आंशिक लॉकडाउन लगाते हुए थियेटर, मनोरंजन पार्क समेत संग्रहालय बंद कर दिए हैं।
सभी देश बढ़ाएं स्वास्थ्य सुविधाएः डब्ल्यूएचओ (WHO)
डब्ल्यूएचओ ने कहा कि ओमिक्रोन भले ही गंभीर रूप से लोगों को बीमार नहीं करेगा लेकिन फिर भी बड़ी संख्या में संक्रमण के मामले सामने आने से स्वास्थ्य प्रणाली पर बोझ बढ़ेगा। सभी देश इस बात का ध्यान रखें कि ठोस स्वास्थ्य एवं सामाजिक उपायों से ओमिक्रॉन को फैलने से रोका जा सकता है। हमें ओमिक्रोन को हल्का मान कर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, बल्कि कोविड से बचाव के सभी उपायों का सख्ती से पालन करना चाहिए।