द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
केंद्र सरकार ने लड़कियों की शादी की उम्र सीमा में बदलाव किया है। अब लड़कियों की शादी 18 की बजाय 21 वर्ष में होगी। लड़कों और लड़कियों की शादी की उम्र बराबर हो गई है। इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रिया सामने आई। जहां महिला आयोग सहित अलग-अलग संगठनों ने इस कदम का स्वागत किया है वहीं कुछ नेताओं ने इसका विरोध भी किया है। फैसले का विरोध करने में सबसे उल्लेखनीय नाम संभल से सपा सांसद शफीकुर्रहमान बर्क और झारखंड के मंत्री हफीजुल अंसारी का है।
मुख्तार अब्बास नकवी ने किया पलटवार
लड़कियों के लिए शादी की उम्र सीमा में बदलाव को लेकर किये जा रहे विरोध पर अब केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी का बयान सामने आया है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि कुछ बयान मुझे चौंकाते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कुछ लोगों का मानना है कि 21 साल की उम्र में शादी करने से लड़कियां आवारा हो जायेंगी। क्या आपको उन पर भरोसा नहीं है। मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ऐसी मानसिकता केवल तालिबानी हो सकती है हिंदुस्तानी नहीं।

शफीकुर्रहमान ने दिया था विवादित बयान
गौरतलब है कि केंद्र सरकार के फैसले पर संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा था कि फैसला गलत है। लड़कियों की शादी की उम्र 18 साल ही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लड़कियों की शादी में देरी होगी तो वो आवारा हो जायेंगी। शफीकुर्रहमान बर्क ने ये भी कहा कि लड़कियों की शादी जितनी जल्दी हो उतना अच्छा है। करियर और पढ़ाई के बाबत सवाल पूछने पर सपा सांसद ने कहा कि लड़कियां ससुराल में जाकर भी पढ़ाई कर सकती हैं। क्या ससुराल वाले पढ़ाई की इजाजत नहीं देंगे। सपा सांसद ने ये भी कहा कि देश का माहौल खराब है। ऐसे में यदि बेटियों के साथ कुछ गलत होता है तो जिम्मेदार कौन होगा। झारखंड के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने भी कुछ ऐसा ही बयान दिया।
अखिलेश यादव ने सांसद के बयान से किनारा किया
झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने केंद्र के फैसले का विरोध किया। कहा कि लड़कियों की शादी 16 साल में ही कर देनी चाहिए लेकिन 18 वर्ष भी ठीक था। इसे 21 साल किए जाने की कोई जरूरत नहीं थी। झारखंड बीजेपी के कई नेताओं ने इस बयान का विरोध किया और मंत्री को संकीर्ण सोच वाला बताया। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने भी अपने सांसद शफीकुर्रहमान के बयान से किनारा किया। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसे किसी भी बयान से समाजवादी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। समाजवादी पार्टी प्रगतिशील है और महिलाओं तथा लड़कियों के लिए कई योजना लाई है। अखिलेश यादव ने कहा कि जिम्मेदार लोगों को ऐसे बयान से बचना चाहिए।