logo

IPL 2021: मुंबई के खिलाफ जीत का सिलसिला बरकरार रखने उतरेगी धोनी की सेना, दिल्ली में होगा मुकाबला

7994news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
इंडियन प्रीमियर लीग में आज चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। मुकाबला शाम साढे सात बजे से दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेला जायेगा। टूर्नामेंट के इतिहास की दो सबसे कामयाब टीमें जब आपस में भिड़ेंगी तो दर्शकों को मैदान में एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। मुंबई इंडियंस जहां पांच बार की विजेता है तो वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने तीन बार आईपीएल का खिताब जीता है। दोनों टीमें यहां जीत के इरादे से उतरेगी। 

कागजों में तो भारी है मुंबई इंडियंस का पलड़ा
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास में दोनों टीमों के बीच कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 18 बार मुंबई इंडियंस जबकि 12 बार चेन्नई सुपर किंग्स ने जीत हासिल की है। दो साल का बैन झेलने के बाद 2018 में चेन्नई सुपर किंग्स की आईपीएल में वापसी हुई थी। इस दरम्यान खेले गए 8 में से 6 मुकाबलों में मुंबई इंडियंस को जीत मिली है। रोहित की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने टूर्नामेंट में छह मुकाबले खेले हैं वहीं चेन्नई सुपर किंग्स 8 मर्तबा फाइनल खेल चुकी है। 

इस सीजन विजय रथ पर सवार है धोनी सेना
आईपीएल के इस सीजन में फिलहाल चेन्नई सुपर किंग्स का पलड़ा भारी है। धोनी की टीम न अब तक 6 मुकाबले खेले हैं जिसमें से पांच में जीत हासिल की है। टीम 10 अंक लेकर अंक तालिका में सबसे ऊपर है। सीएसके को बेहतर रनरेट का भी फायदा मिला है। चेन्नई सुपर किंग्स आज का मुकाबला जीतकर अंक तालिका में और मजबूत स्थान हासिल करना चाहेगी। टीम ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है। गेंदबाजी, बल्लेबाजी और फील्डिंग में टीम का प्रदर्शन बढ़िया रहा है। 

मुंबई के बल्लेबाजों का निराशाजनक प्रदर्शन
टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस का अब तक का सफर कुछ खास नहीं रहा है। गत विजेता मुंबई इंडियंस ने इस सीजन खेले गए अपने छह में से 3 मुकाबले जीते हैं। टीम इस वक्त अंक तालिका में चौथे स्थान पर है। चेन्नई के खिलाफ जीत हासिल कर टीम वापसी कर सकती है लेकिन यदि हार मिली तो टूर्नामेंट में आगे की राह थोड़ी मुश्किल होगी। मुंबई इंडियंस एक इकाई के रूप में प्रदर्शन करने में नाकामयाब रही है। टीम की बल्लेबाजी काफी निराशाजनक रही है। मुंबई इंडियंस को इसमें सुधार करना होगा। गेंदबाजी में भी टीम को काफी सुधार की जरूरत है। 

गजब के फॉर्म में हैं चेन्नई सुपर किंग्स टीम
चेन्नई सुपर किंग्स के सलामी बल्लेबाजों रितुराज गायकवाड़ और फाफ डू प्लेसिस ने शानदार प्रदर्शन किया है। मोईल अली अच्छे फॉर्म में हैं। जडेजा किसी भी वक्त मैच का रूख मोड़ सकते हैं। अंबाती रायुडू, सुरेश रैना और सैम करन ने अच्छा साथ निभाया है। गेंदबाजी में दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, सैम करन, रविंद्र जडेजा और इमरान ताहिर ने इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन किया है।

मुंबई को इस मैच में करना होगा कई सुधार
मुंबई की टीम भी काफी मजबूत है। रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और काइरॉन पोलार्ड के रूप में कई विस्फोटक बल्लेबाज हैं लेकिन अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन कर पाने में नाकामयाब रहे हैं। जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और नाथन कूल्टर नाइल जैसे गेंदबाजों ने भी अभी तक निराश किया है। राहुल चहर ने जरूर थोड़ा प्रभावित किया है। टीम इसमें सुधार करना चाहेगी।