logo

NASA लॉंच करने जा रहा है विश्व का सबसे बड़ा टेलिस्कोप, कहा जा रहा है अंतरिक्ष का दूरबीन

NASA लॉंच करने जा रहा है विश्व का सबसे बड़ा टेलिस्कोप, कहा जा रहा है अंतरिक्ष का दूरबीन

द फॉलोअप टीम, डेस्कः
नासा आज दुनिया का सबसे बड़ा और ताकतवर जेम्स वेब स्पेस टेलिस्कोप लॉन्च करने जा रहा है। टेलीस्कोप फ्रेंच गुएना स्थित कोरोऊ लॉन्च स्टेशन से लॉन्च किया जाएगा। नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने बताया कि यह एक असाधारण मिशन है। इसे एरियन-5 ईसीए रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। टेलीस्कोप को पृथ्वी से करीब 15 लाख किमी की ऊंचाई पर स्थापित करने का उद्देश्य ब्रह्मांड में और समय से आगे पीछे देखना है।

मिली जानकारी के मुताबिक इससे आकाशगंगा, ऐस्टरॉइड, ब्लैक होल और 'एलियंस के दावों' पर खोज में मदद मिलेगी। यह चंद्रमाओं पर जमे हुए महासागरों का अध्ययन करने में सहायता करेगा। इस पर करीब 75 हजार करोड़ रुपए खर्च आया है। इसकी क्षमता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यह अंतरिक्ष से धरती पर उड़ रही चिड़िया को भी आसानी से डिटेक्ट कर सकता है। 

2004 में शुरू हुआ था निर्माण 
जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप दशकों पहले भेजे गए हबल टेलीस्कोप का उत्तराधिकारी है। इसे नासा, यूरोपियन स्पेस एजेंसी और कनाडाई स्पेस एजेंसी ने मिलकर बनाया है। इसे 2004 में बनाना शुरू किया गया था। 14 देशों के हजारों वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने इसे बनाया है। स्पेस टेलीस्कोप के निर्माण में 40 मिलियन घंटे की मेहनत लगी है। टेलिस्कोप में एक गोल्डेन मिरर है, जिसकी चौड़ाई करीब 21.4 फीट तक बढ़ाई जा सकती है।  इसे मिरर बेरिलियम से बने 18 षटकोण टुकड़ों को जोड़कर बनाया गया है। हर टुकड़े पर 48.2 ग्राम सोने की परत है। 29 दिनों के दौरान, टेलीस्कोप अपने मिरर को पूरी तरह खोलेगा तो यह एक टेनिस कोर्ट के आकार का हो जाएगा। 

क्यो रखा गया यह नाम 
नासा का दावा है कि जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप इंफ्रारेड रेंज में लाइट की पहचान करेगा। इससे खगोलविज्ञानी, अंतरिक्ष में धूल और गैस के बादलों के पार देख पाएंगे और स्पष्ट तस्वीरें हासिल कर पाएंगे। जेम्स वेब नासा के दूसरे निदेशक थे। वह 1961 से 1968 तक नासा के प्रशासक बने रहे। उससे पहले वह अमेरिकी विदेश विभाग में अंडर सेकेट्री के पद पर थेजेम्स वेब के सम्मान में निर्माणाधीन दूरबीन का नाम रखा था। पहले इसे नेक्स्ट जेनरेशन स्पेस टेलिस्कोप का नाम दिया गया था।