logo

नक्सलियों ने उड़ाया मोबाइल टावर और पंचायत भवन, 23 से 25 नवंबर बंद का ऐलान 

15233news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांचीः 

कुख्यात नक्सली प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के बाद नक्सलियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। नक्सलियों ने 23 से 25 नवंबर तक 3 दिवसीय बंद का ऐलान कर दिया है। 4 राज्यों यानि झारखंड, बिहार, उत्तरप्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस बंद को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। 22 नवंबर की देर रात बंद शुरू होते नक्सलियों ने मोबाइल टावर उड़ा दिया।नक्सलियों ने एक पंचायत भवन को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना औरंगाबाद जिले के अति नक्सल प्रभावित मदनपुर थाना क्षेत्र के जुड़ाही की है। नक्सालियों ने बंद के दौरान पानी, दूध, दवा दुकान, अस्पताल, एंबुलेंस और फायर डिपार्टमेंट को खुला रखने की बात कही है। 

झारखंड पुलिस हाई अलर्ट 
प्रशांत बोस की गिरफ्तारी चूंकि झारखंड से हुई है और बोस फिलहाल रांची के जेल में हैं इसलिए झारखंड पुलिस हाई अलर्ट पर है। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। रेलवे ने बंद को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी है। नक्सलियों के सीमांत रिजनल कमेटी के प्रवक्ता मानस ने बताया गया है कि यह बंदी प्रशांत बोस और उसकी पत्नी की गिरफ्तारी के विरोध में है। 

कई बड़ी घटना का मास्टरमांइड था बोस 
प्रशांत बोस की गिरफ्तारी के बाद डीजीपी नीरज सिन्हा ने बताया था कि बोस की गिरफ्तारी ना सिर्फ झारखंड बल्कि आसपास के कई राज्यों के लिए ऐतिहासिक है। डीजीपी ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम में सांसद सुनील महतो हत्याकांड, पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा हत्याकांड का मास्टरमाइंड बोस ही था। सारंडा में 16 पुलिसकर्मियों की हत्या, बिहार का जहानाबाद जेल ब्रेक, महाराष्ट्र का भीमा कोरेगांव हिंसा, दंतेवाड़ा में डेढ़ दर्जन से अधिक जवानों की मौत के पीछे भी प्रशांत बोस ही था।