logo

मां-बाप ने छोड़ा तो जानवरों ने दिखाई इंसानियत, नन्हें पिल्लों ने ऐसे बचाई नवजात बच्ची की जान

मां-बाप ने छोड़ा तो जानवरों ने दिखाई इंसानियत, नन्हें पिल्लों ने ऐसे बचाई नवजात बच्ची की जान

द फॉलोअप टीम, डेस्कः 
मां और बच्ची के पवित्र रिश्ते को बदनाम कर देने वाली एक खब़र छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से आई है। घटना ऐसी है जिसकी चर्चा पूरे देश में है। आपको बता दें कि यहां कुत्तों के बच्चों के बीच एक नवजात बच्ची मिली है जिसका जन्म एक या दो दिन पहले ही हुआ होगा। उसे बिना कपड़ों के ऐसी ठंड में कुत्तों के बच्चों के बीच बच्ची की मां या परिजनों ने मरने के लिए छोड़ दिया। भले ही कुछ इंसानों में इंसानियत मर गई हो लेकिन जानवरों ने इंसानियत दिखाई और बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। 

पिल्लों के गर्माहट से बची बच्ची 
यह घटना लोरमी के सारिसताल गांव की है। गांव वालों ने बताया कि सुबह जब हम लोगों की नजर किनारे पैरावट पर पड़ी तो यहां कुत्ते के पिल्लों के बीच बच्ची रोती मिली। लोगों ने बताया कि शायद आधी रात के वक्त कोई बच्ची को छोड़कर भाग गया होगा। गौरतलब है कि जिस प्रकार कुत्ते के छोटे बच्चे एक दूसरे पर लिपट कर या दुबक कर सोते हैं इससे उन्हें गर्माहट मिलती है, बच्ची को भी पिल्लों ने ऐसे ही दुबकाकर अपने करीब रखा। इसी गर्माहट से खुले आसमान के नीचे ओस बरसती रात में बिना किसी कपड़े के बच्ची सुरक्षित रही। 

बाल कल्याण समिति करेगी देख-रेख 
ग्रामीणों ने तुरंत नवजात मिलने की खबर लोरमी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल भेजा, जहां पता चला कि बच्ची बिल्कुल स्वस्थ है। चाइल्ड लाइन मुंगेली की टीम इस बच्ची को अपने साथ ले गई। अब बच्ची बाल कल्याण समिति की देख-रेख में रहेगी। बच्ची का नाम आकांक्षा रखा गया है।

स्पेशल डीजी बोले- कार्रवाई करें
बच्ची के इस मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस के सीनियर IPS अफसर स्पेशल डीजी आरके विज ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा कि- इस बच्ची के मां-बाप को खोजकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। आपको बता दे कि अब तक यह पता नहीं चल पाया है कि नवजात को यहां किसने लाकर छोड़ा है।