द फॉलोअप टीम, दिल्लीः
देश में 2 दिसंबर को ओमिक्रॉन का पहला केस आया था। उस दिन कर्नाटक के बेंगलुरु में 2 लोग संक्रमित मिले थे। तब से अब तक इसके मामले 110 गुना बढ़ गए हैं। देश में ओमीक्रोन के 358 मामले हैं। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 6,650 नए केस सामने आये हैं, जबकि 374 लोगों की जान चली गयी है। वहीं 7,051 मरीज ठीक हुए हैं।

77,516 सक्रिय मामले हैं
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार देश में वर्तमान में 77,516 एक्टीव मामले हैं। कोरोना से अब तक 3,42,15,977 मरीज ठीक हुए हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,79,133 हो गयी है। अब तक 1,40,31,63,063 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय अनुसार 23 दिसंबर तक कुल 66,98,09,816 नमूनों का परीक्षण किया गया, जिनमें से 11,65,887 का परीक्षण 23 दिसंबर को किया गया।
16 राज्यों में पहुंचा ओमिक्रोन
कोरोना वायरस का नया वैरिंएंट 16 राज्यों तक पहुंच गया है। लिहाजा सरकार सतर्क हो गई है। गुरुवार को प्रधानमंत्री मोदी ने इस वैरीएंट के प्रति सतर्क और सावधान रहने के निर्देश दिए। राज्यों के साथ बेहतर तालमेल के साथ ओमिक्रॉन से निपटने की जरूरत बताते हुए उन्होंने कम टीकाकरण और अधिक संक्रमण वाले क्षेत्रों में केंद्रीय टीम भेजकर राज्यों को सहयोग करने को कहा।

ताजा मामले पर दिया गया प्रजेटेशन
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने ओमिक्रॉन का पता लगाने के बाद 27 नवंबर को जारी पहली एडवाइजरी के बाद अब तक उठाए गए कदमों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी। बैठक की शुरुआत में स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने देश और दुनिया में ओमिक्रोन के संक्रमण की ताजा स्थिति पर संक्षिप्त प्रजेंटेशन दिया। साथ ही इससे निपटने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के बारे में बताया।