द फॉलोअप टीम, नई दिल्लीः
देश में कोरोना का असर खत्म ही नहीं हो रहा है। हर दिन कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन मिलने की रफ्तार बढ़ने लगी है। गौरतलब है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट का फैलाव देश के 12 राज्यों तक हो चुका है। साथ ही इसके मामले हर 3 दिन में डबल हो रहे हैं जिसका असर महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा है। महाराष्ट्र के 54 केस के साथ रविवार को देश में कुल 150 से भी अधिक ओमिक्रॉन के मामले हो गये हैं। वहीं दिल्ली की बात करें तो रविवार तक यहां 22 संक्रमित मिल चुके हैं।
कहां कितना ओमिक्रॉन से संक्रमित
केंद्र और राज्य के तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबित प्रदेशों में अब तक महाराष्ट्र में 54, दिल्ली में 22, राजस्थान में 17, कर्नाटक में 14, तेलंगाना में 20, गुजरात में 15, केरल में 11, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में 1-1 मामले ओमिक्रॉन के मिल चुके हैं।
दुनिया में तेजी से फैल रहा 'ओमिक्रॉन'
ओमिक्रॉन के बढ़ने की दर केवल भारत ही नहीं बल्कि विदेश में भी है। सर्दियों का दौर शुरू होते ही संक्रमण में बढ़ोतरी देखी गई है। ब्रिटेन और दक्षिण अफ्रीका में ओमिक्रॉन के साथ साथ कोरोना का महाविस्फोट देखने को मिल रहा है। वैक्सीनेशन के बावजूद भी लोग संक्रमित हो रहे हैं।

ओमिक्रॉन से ब्रिटेन का बुरा हाल
कोरोना वायरस के ओमिक्रान वेरिएंट की दस्तक के साथ ब्रिटेन में हालात बद से बदत्तर होते जा रहे हैं। बीते शनिवार को यूके में कोरोना वायरस के 90 हजार से ज्यादा मामले सामने आये। जिसके करीब 25 हजार मामले ओमीक्रोन वेरिएंट के हैं। ऐसा ही रहा तो यह आकड़ा जल्द ही लाख को छू सकता है। वहीं, रिपोर्ट के मुताबिक नए वेरिएंट से ब्रिटेन में अब तक सात लोगों की मौत भी हो चुकी है।
डेल्टा वैरिएंट से परेशान अमेरिका
संयुक्त राज्य अमेरिका में अब भी डेल्टा वैरिएंट चिंता का कारण बना हुआ है। बता दें कि अमेरिका में दूसरी लहर ने काफी तबाही मचाई थी। अमेरिका में एक ओर घोर सर्दी का सामना कर रहा है, जिससे कोरोना के केस भी बढ रहें है। पिछले महीने अस्पताल में भर्ती होने वालों में 45 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और मामलों में 40 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।