द फॉलअप टीम, श्रीनगरः
जम्मू कश्मीर में अवंतीपोरा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकी के ढेर होने की खबर है। सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि बरागाम इलाके में आतंकी छिपे बैठे हैं। पुलिस और सेना वहां पहुंची तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी फायरिंग शुरू की तो एक आतंकी ढेर गया । हाल ही में जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा के गुलशन चौक में आतंकियों ने पुलिसकर्मियों पर हमला किया। जिसमें दो जवान शहीद हो गए थे।

40 दिन पहले शामिल हुआ था
कश्मीर जोन पुलिस ने कहा कि आतंकियों की तलाशी के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। इस मुठभेड़ में 40 दिन पुराना जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन का आतंकी मारा गया है। उसकी पहचान समीर अहमद तांत्रे निवासी बारागाम के रूप में हुई है। वह गत दो नवंबर को ही आतंकी संगठन में शामिल हुआ था। मारा गया आतंकी सी श्रेणी का आतंकी था।
दोनों ओर से फायरिंग जारी
कश्मीर के आइजी के विजय कुमार ने भी एक आतंकी के मारे जाने की पुष्टि की है। आतंकियों की संख्या तीन के करीब बताई जा रही है। फिलहाल दोनों ओर से फायरिंग जारी है। सुरक्षाबलों और पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है। आसपास रह रहे लोगों को लाउड स्पीकर के माध्यम से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई थी।