द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन सदन में पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय विधेयक 2021 पास हो गया। उच्च तकनीकी, शिक्षा और कौशल विभाग के प्रभारी मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने सदन विधेयक पेश किया था। 3 विधायकों ने विधेयक को प्रवर समिति में भेजने की मांग की थी। सभी ने कहा कि समिति 30 दिनों के अंदर अपना प्रतिवेदन दे। प्रवर समिति में भेजने की मांग करने वाले में माले विधायक विनोद कुमार सिंह, आजसू विधायक लंबोदर महतो, बीजेपी विधायक अनंत ओझा शामिल हैं।

बंधु तिर्की ने बताया स्वागत योग्य कदम
कांग्रेस के बंधु तिर्की ने इसे एक स्वागत योग्य कदम बताया, लेकिन कहा कि इस विधेयक में कई तरह की त्रुटियां हैं। मांडर विधायक बंधु तिर्की ने कहा कि आदिवासी समाज के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है। पास करने से पहले इसे प्रवर समिति को भेजे और जनजातीय विशेषज्ञ से इस पर राय ले। कांग्रेस के प्रदीप यादव ने भी इस विधेयक को प्रवर समिति में भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी जनजाति विश्वविद्यालय अमरकंटक में बने हुए विश्वविद्यालय के पहले अध्ययन किया जाए।
जनजाति विश्वविद्यालय में कई अनछुए पहलू
प्रदीप यादव ने कहा कि झारखंड में बनने वाले जनजाति विश्वविद्यालय में कई ऐसे अनछुये पहलु हैं, जिसे शामिल किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, पंडित रघुनाथ मुरमू जनजाति विश्वविद्यालय में फिजिक्स, मैथ, केमिस्ट्री विषय को शामिल किए जाने की आवश्यकता है, इसलिए इसे प्रवर समिति को भेजा जाए। प्रभारी मंत्री मिथलेश ठाकुर ने कहा, जनजाति विश्वविद्यालय में सभी पहलुओं को शामिल किया गया है। ऐसे ही इस विधेयक को प्रवर समिति को भेजे जाने का कोई औचित्य नहीं है।

टीएसी की बैठक में यूनिवर्सिटी पर थी चर्चा
बता दें कि कुछ माह पहले हुए जनजातीय सलाहकार परिषद (टीएसी) की बैठक में आदिवासियों को लेकर कई बड़े फैसले लिये गये थे। इसमें सबसे बड़ा फैसला यह था कि झारखंड सरकार राज्य में जनजातीय विश्वविद्यालय खोलेगी। बैठक में फैसला हुआ था कि सरकार इस संबंध में विधेयक लाकर विश्वविद्यालय निर्माण की प्रक्रिया शुरू करेगी। झारखंड में खुलने वाला पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय पूर्वी भारत का पहला विश्वविद्यालय होगा। इसे जमशेदपुर के गालूडीह और घाटशिला के बीच इस विश्वविद्यालय के निर्माण की योजना है। गौरतलब है कि इसके लिए 20 एकड़ जमीन भी चिह्नित की जा चुकी है।
आदिवासी समाज के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहन
टीएससी की बैठक में सीएम हेमंत सोरेन ने भी कहा था कि राज्य के पहले जनजातीय विश्वविद्यालय के निर्माण का उद्देश्य जनजातीय भाषा और आदिवासी समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को सहेजना है. साथ ही उन पर शोध करने तथा आदिवासी समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना है।