फरीदाबाद
शहर के सेक्टर-56 स्थित एक क्लिनिक से विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक यह क्लिनिक डॉक्टर सोहेल खान का है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम ने क्लिनिक के ऊपरी मंजिल पर रहने वाले दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्लिनिक परिसर से मिले विस्फोटक के नमूनों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम को कई अहम सबूत भी मिले हैं। इससे पहले सोमवार को जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में धौज और फतेहपुर तगा इलाकों से करीब 2963 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ था, जिसका इस्तेमाल विस्फोटक बनाने मंN किया जाता है।

इन घटनाओं के बाद फरीदाबाद में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र गुप्ता ने सभी थाना क्षेत्रों को नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों और लोगों की सघन जांच के निर्देश दिए हैं। क्राइम ब्रांच को होटल और गेस्ट हाउसों की जांच का भी आदेश दिया गया है। दिल्ली जाने वाले मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बदरपुर बॉर्डर पर वाहनों की जांच तेज कर दी गई है, खासकर उन गाड़ियों की जिन पर अन्य राज्यों की नंबर प्लेट लगी हैं।
फरीदाबाद की सीमाएं गुरुग्राम, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से लगती हैं, इसलिए संदिग्धों के शहर में छिपे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसी कारण पुलिस ने रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशनों पर भी रातभर तलाशी अभियान चलाया। यात्रियों और उनके सामान की गहन जांच की जा रही है।
