द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के राज्य और जिला प्रतिनिधियों की रविवार को ऑनलाइन बैठक हुई। बैठक में शिक्षा मंत्री के साथ हुई वार्ता पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सभी जिलों को लिखित में अपना पक्ष बताने के लिए कहा गया। अधिकतर जिला फिलहाल नियमावली को स्वीकार कर आगे बढ़ने के पक्ष में थे। आज पारा शिक्षक आज अपना स्पष्ट निर्णय देंगे।

झारखंड एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा में 4 शिक्षक संगठन शामिल है। राज्य में वर्तमान में लगभग 61 हजार शिक्षक कार्यरत हैं, इनमें से 13 हजार पात्रता परीक्षा सफल हैं जबकि 48 हजार शिक्षक परीक्षा पास नहीं है। जो परीक्षा सफल नहीं है वह फिलहाल सरकार द्वारा मानदेय वृद्धि के साथ दी गई अन्य सुविधाओं को मान सकते हैं और वेतनमान को लेकर आगे आवाज उठाते रहने की बात कह सकते हैं। ऐसे में पारा शिक्षकों का 29 दिसंबर से प्रस्तावित आंदोलन स्थगित हो सकता है।
बिहार नियमावली लागू क्यों नहीं
वहीं परीक्षा में सफल शिक्षक नियमावली को लेकर संतुष्ट नहीं है, उनका कहना है कि वह सरकारी टीचर बनने की सारी शर्त पूरी करते हैं इसके बाद भी वेतनमान नहीं दिया गया है। जब बिहार की तर्ज पर वेतनमान देने की बात कही गई थी तो फिर बिहार नियमावली लागू क्यों नहीं की गई। सेवा शर्त नियमावली में वेतनमान नहीं देने से पारा शिक्षकों में नाराजगी तो है पर वह फिलहाल नियमावली को पूरी तरह खारिज कर आंदोलन के पक्ष में नहीं हैं।