द फॉलोअप टीम, धनबादः
जिले के तोपचांची बाजार (Topchanchi Market) में एक बुजुर्ग के निधन की सूचना पर लोग तो नहीं पहुंचे लेकिन बुजुर्ग के पाले गए दो कुत्ते शव के पास ही रहे। अपने मालिक के प्रति उनका प्यार तब दिखा जब पुलिस पहुंची तो दोनों लोगों को देखकर भौंकने लगे। वे घर में किसी को आने नहीं दे रहे थे और न ही दोनों कुत्ते खुद बाहर निकल रहे थे। बाद में स्नैक सेवर प्रकाश यादव ने काफी मशक्कत के बाद कुत्ते को बाहर निकाला। पुलिस कार्रवाई में जुटी और शव को जब्त कर लिया।
घर में ही मृत पाए गए सुब्रतो
जानकारी के मुताबिक मामला शनिवार का है। 60 वर्षीय सुब्रतो मुखर्जी को कुर्सी पर बैठे-बैठे मृत पाया गया। मामले की जानकारी तब हुई जब अखबार देने आए हॉकर ने उन्हें इस अवस्था में देखा और आवाज लगाई। कोई फायदा नहीं होता देख इसकी सूचना मोहल्ले के लोगों को दी पर कोई नहीं आया। हालात ये रहे कि सुब्रतो मुखर्जी के घर से मात्र आधा किमी की दूरी पर तोपचांची थाना स्थित है। पुलिस शाम के चार बजे मृतक के घर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया।
शव की अंत्येष्टि करेगी पुलिस
बताया जा रहा है की सुब्रतो मुखर्जी अविवाहित थे और अकेले रहा करते थे। पिछले दस दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। किसी ने भी बीमार सुब्रतो का हाल चाल तक लेना मुनासिब नहीं समझा। इस संबंध में सहायक अवर निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि कागजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है शव को दफनाया जाएगा।