द फॉलोअप टीम, देवघर:
झारखंड में नये साल में प्लास्टिक पार्क शुरू हो जायेगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि झारखंड के देवघर जिला स्थित देवीपुर में प्लास्टिक पार्क शुरू हो जायेगा। इसके निर्माण का काम काफी तेज गति से जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक प्लास्टिक पार्क का तकरीबन काम पूरा हो चुका है। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के पीसीआई निदेशक राजेंद्र सोनी ने हाल ही में प्लास्टिक पार्क का निरीक्षण किया था। उन्होंने निरीक्षण के बाद इस बात की घोषणा की थी।

2019 में शुरू हुआ था प्लास्टिक पार्क का निर्माण
राजेंद्र सोनी ने बताया कि प्लास्टिक पार्क का काम 2019 में शुरू हुआ था। कोरोना महामारी की वजह से इसमें देरी हुई। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक पार्क तैयार होने के बाद देश भर की कंपनियां यहां निवेश करने को तैयार है। निवेशकों को बिडिंग के जरिये आमंत्रित भी किया गया है। निरीक्षण के दरम्यान राजेंद्र सोनी ने इंजीनियर्स की टीम को सारा काम समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

प्लास्टिक पार्क कैंपस में लगाया जायेगा पेड़-पौधा
निदेशक राजेंद्र सोनी ने बताया कि कैंपस में दर्जनों पेड़-पौधे भी लगाये जाएंगे। झारखंड औद्योगिक संरचना विकास निगम के माध्यम से कुल 93 एकड़ भूमि पर प्लास्टिक पार्क तैयार किया जा रहा है। इसमें कुल 111 प्लाट निवेशकों को यूनिट लगाने के लिए आवंटित किया जायेगा। ये संताल परगना के सबसे बड़े प्लास्टिक हब के रूप में विकसित होगा। इससे लोगों को प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

निदेशक राजेंद्र कुमार सोनी ने पार्क का निरीक्षण किया
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि प्लास्टिक पार्क में खिलौने, टोकरी, टब, मच्छरदानी सहित इन जैसे दर्जनों प्रोडक्ट का उत्पादन होगा। जुडको के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने निदेशकों का स्वागत किया है। गौरतलब है कि निदेशक राजेंद्र सोनी ने रविवार को प्लास्टिक पार्क में बन रहे एडमिनिस्ट्रेटिव बिल्डिंग, 1 हजार एमटी का गोदाम, 150 एमटी का गोदाम, 100 बेड का लेबर हॉस्पिटल तथा फायर स्टेशन का निरीक्षण किया।