logo

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण कार्यक्रम में बोले पीएम, औरंगजेब ने कट्टरता से संस्कृति बदलनी चाही

काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण कार्यक्रम में बोले पीएम, औरंगजेब ने कट्टरता से संस्कृति बदलनी चाही

द फॉलोअप टीम, वाराणसी: 

पीएम मोदी ने वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का उद्घाटन और लोकार्पण किया। वाराणसी में इसे लेकर उत्सव जैसा माहौल है। पूरे शहर की गलियों, बाजारों, सरकारी प्रतिष्ठानों, मकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को फूलो और रंग-बिरंगे झालरों से सजाया गया है। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि यहां जो भी हुआ वो भगवान शिव ने करवाया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वाराणसी के लिए ये दिन ऐतिहासिक है। कॉरिडोर निर्माण में लगे मजदूरों का शुक्रिया
प्रधानमंत्री ने लोकार्पण कार्यक्रम के बाद कहा कि मैं इस भव्य परिसर के निर्माण के लिए काम करने वाले प्रत्येक मजदूर के प्रति आभार व्यक्त करना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी जैसी विषम परिस्थिति में भी कॉरिडोर का निर्माण कार्य नहीं रूका। पीएम ने कहा कि पहले की सरकारों की मानसिकता ऐसी थी कि जैसा है वैसा चलने दो। जब हमने काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनरुद्धार करने का तय किया तो लोगों ने कहा कि ऐसे मोदी आते-जाते रहते हैं। कुछ नहीं बदलेगा, लेकिन बदलाव दिख रहा है। 

औरंगजेब ने कट्टरता से संस्कृति बदलना चाहा
पीएम ने कहा कि आतातायियों ने इस नगरी पर आक्रमण किया। इसे ध्वस्त करने का प्रयास किया गया। औरंगजेब के अत्याचार और उसके आतंक का इतिहास साक्षी है। पीएम ने कहा कि औरंगजेब ने सभ्यता को तलवार के बल पर बदलने की कोशिश की। पीएम ने कहा कि उसने संस्कृति को कट्टरता से कुचलने की कोशिश की। पीएम ने कहा कि इस देश की मिट्टी बाकी दुनिया से कुछ अलग है। पीएम ने कहा कि हमारी संस्कृति अलग है। यहां अगर औरंगजेब आता है तो शिवाजी उठ खड़े होते हैं। कोई सालार मसूद आगे बढ़ता है तो राजा सुहेलदेव जैसे वीर योद्धा उसे हमारी एकता की ताकत का अहसास करा देते हैं। 

नए भारत को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व
प्रधानमंत्री ने कहा कि नए भारत को अपनी संस्कृति पर गर्व है। भारत को अपनी क्षमता पर भरोसा है। नए भारत में विरासत और विकास दोनों है। पीएम ने वहां उपस्थित जनसमूह से कहा कि मैं आपसे तीन संकल्प चाहता हूं। ये संकल्प अपने लिए नहीं है बल्कि देश के लिए है। उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के निरंतर प्रयास के लिए स्वच्छता, सृजन और नवाचार जरूरी है।