द फॉलोअप टीम, दुमका:
दुमका में छात्राओं को कथक सिखाने की तैयारी है। गीत-संगीत की दुनिया में बच्चों की प्रतिभा को निखारने की तैयारी है। झारखंड कला केंद्र में देवघर के ख्यातिलब्ध कथक नृत्य गुरु पंडित सुनील विश्वकर्मा का आगमन हुआ। केंद्राधीक्षक ऋतुराज कश्यप ने कहा कि कथक गुरु पंडित सुनील विश्वकर्मा अब से झारखंड कला केंद्र में कथक नृत्य का प्रशिक्षण देंगे।
प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन होता है
उन्होंने कहा कि शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य शिक्षा के लिए दुमका का लोकप्रिय संस्थान झारखंड कला केंद्र समय-समय पर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय संगीत गुरुओं द्वारा संगीत प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजन करता आया है। इसी क्रम में लोकप्रिय कथक गुरु पंडित सुनील विश्वकर्मा जी का कथक नृत्य प्रशिक्षण सत्र अब से प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को झारखंड कला केंद्र में आयोजित होगा।

गीत-संगीत में काफी समृद्ध है दुमका जिला
कथक गुरु पंडित सुनील विश्वकर्मा ने कहा कि दुमका संगीत कला में बहुत समृद्ध है और यहां के बच्चे और युवा बहुत ही प्रतिभाशाली हैं। उन्होंने कहा कि संगीत एवं अन्य कला विधाओं को समर्पित संस्था झारखंड कला केंद्र वर्षों से ही शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य में दुमका का अग्रणी संस्थान रहा है। झारखंड कला केंद्र में प्रशिक्षणरत बच्चे शास्त्रीय एवं लोक संगीत में काफी निपुण है। इस मौके पर झारखंड कला केंद्र के संरक्षक सुनील झा,तबला गुरु कुबेर झा, ऋतंभरा कश्यप सहित केंद्र के तमाम कत्थक प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।