द फॉलोअप टीम, सिमडेगाः
सिमडेगा जिले का खेल से काफी गहरा नाता है। यहां प्रतिभावान खिलाड़ियों की कोई कमी नही है, कमी है तो बस संसाधनों की। कुछ महीने पहले ही सिमडेगा की एक बेटी सलीमा टेटे ने पूरे देश दुनिया में झारखंड का नाम ओलंपिक में जाकर रौशन किया था और अब सिमडेगा की ही एक बेटी बांग्लादेश में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने जा रही है। हम बात कर रहे है पूर्णिमा कुमारी की, जिनका चयन बांग्लादेश में आयोजित होने वाले सैफ अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2021 में हुआ है। वो बांग्लादेश के लिए रवाना हो गई। पूर्णिमा सिमडेगा के ठेठाईटांगर प्रखंड के जामबाहर गांव की रहने वाली है।

बेहद गरीब परिवार से है पूर्णिमा
पूर्णिमा गरीब परिवार से है, मां का निधन हो गया है। पिता जीतू मांझी भी काफी बुजूर्ग हो गये है। बड़ी बहन और भाई के बदौलत ही घर चलता है। फिलहाल सिमडेगा में बालिकाओं के लिए फुटबॉल प्रशिक्षण की कोई सुविधा नहीं है। 2016 में यहां महिला फुटबॉल एवं एथलेटिक्स खिलाड़ियों का अखबार में विज्ञापन निकलवाकर ट्रायल कराया गया था, जिसमें कुछ खिलाड़ियों को चयन कर आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग ट्रायल में भेजा गया था। जहां से सिमडेगा की पूर्णिमा सहित 4 खिलाड़ियों का चयन फुटबॉल एवं तीन खिलाड़ियों का चयन एथलेटिक्स में हुआ था।
अभाव में कट रही जिंदगी
लॉकडाउन के समय हॉकी सिमडेगा के पदाधिकारी पूर्णिमा के घर पहुंचे थे और उसकी सुध ली थी। उसके बाद पूर्णिमा सहित इंडिया कैंप में शामिल झारखंड के सभी महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए सरकार द्वारा रांची में विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था करायी गई थी। अभाव में रहकर भी पूर्णिमा का अंडर-19 भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन हुआ है। फिलहाल वो रवाना हो गयी है।