logo

भारत की राजनीति :  हमेशा ही उठते रहे हैं अगुवाई वाले विकल्प के सवाल

भारत की राजनीति :  हमेशा ही उठते रहे हैं अगुवाई वाले विकल्प के सवाल

भरत जैन, दिल्ली:

नेहरू जब देश के प्रधानमंत्री थे तो उनका क़द इतना विशाल था कि जनवरी 1964 ( देहांत से लगभग 4 महीने पहले ) बीमारी के कारण दो सप्ताह के लिए वे कार्यरत नहीं रहे तो इतनी हलचल हुई कि न्यूयॉर्क टाइम्स में 19 जनवरी को लेख छपा : India's Big Question : Who After Nehru ? किसी के पास निश्चित उत्तर नहीं था क्योंकि उनके समकक्ष कोई खड़ा ही नहीं होता था। पर उनके देहांत के उपरांत लाल बहादुर शास्त्री प्रधानमंत्री बने और गंभीर चुनौतियों के बावजूद देश मजबूती से खड़ा रहा - भयंकर अन्न संकट और पाकिस्तान से युद्ध - दोनों परिस्थितियों से देश मजबूत होकर ही बाहर निकला। आज उस समय के प्रतिद्वंदी भी उन्हें सम्मान से देखते हैं। शास्त्री जी की असमय मृत्यु के पश्चात इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनीं और जैसे - तैसे 1967 में कांग्रेस केंद्र में  तो जीत गई परंतु अनेक राज्यों में हारी। राजनीतिक स्थिति डांवाडोल रही पर शीघ्र ही इंदिरा जी ने अपने तेवर दिखाए और केवल देश में अपने विरोधियों को ही नहीं बल्कि युद्ध और विदेश नीति में भी अपना सिक्का जमाया।

 

1974 - 75 में इंदिरा विरोधी आंदोलन में यह प्रश्न उठा कि इंदिरा को हटा दें तो लाएं किसे । इस स्थिति को बहुत से राजनीतिक पर्यवेक्षकों ने  TINA ( There Is No Alternative ) फैक्टर का नाम दिया। 1977  में इंदिरा गांधी की हार हुई और दो अस्थायी सरकारें बनी ढाई साल में। फिर हुई इंदिरा गांधी की वापसी , उनकी हत्या और राजीव गांधी का सत्ता में आना। जब राजीव गए 1989 में तो 25 वर्षों तक अपेक्षाकृत अस्थिर मिली -  जुली सरकारें रहीं। परिणाम अगले 10 वर्षों में में छह प्रधानमंत्री बने। पर क्या देश बिखरा ? उदारीकरण और वैश्वीकरण की नई आर्थिक नीति , परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध इतना कुछ हुआ देश में। पर देश ने सब झेल लिया।

 

आज फिर यह बात बार-बार उठती है - माना कि  मोदी असफल हैं, पर उनके बदले आएगा कौन ? प्रकृति शून्यता ( vacuum  ) की अनुमति नहीं देती। जहां वातावरण में शून्यता की स्थिति आती है तो कहीं ना कहीं से तेज़ हवा का झोंका आता ही है। देश में जब गर्मी अधिक होती है और वायु का दबाव कम हो जाता है तो हजारों किलोमीटर दूर मेडागास्कर से पानी से भरी हवाएं देश में मानसून ले कर के आती है हर साल। देश के इतिहास में पांच / दस साल की अस्थिरता से कोई फर्क नहीं पड़ता यदि देश की सोच स्थिर रहे तो । अंग्रेजों ने भी हमें यह कह कर डराया था की उनके जाने के बाद देश बिखर जाएगा । वे जाते - जाते देश के दो टुकड़े कर गए पर उनके जाने के बाद देश बिखरा नहीं बल्कि और मजबूत हो गया क्योंकि स्वतंत्रता संग्राम में तप कर ( भीख मांग कर नहीं , कंगना जी ) देशभक्ति का जबरदस्त भाव बन चुका था।

आज देश जिस  असहिष्णुता की स्थिति में है उसमें अधिक दिन रहा तो बहुत लंबे अरसे के लिए गर्त में चला जाएगा। मनमोहन सिंह ने जाते-जाते कहा था ' It will be disastrous to have Narendra Modi as Prime Minister of India.' विनाश होने लगा है। इससे पहले अस्थिरता होती थी पर बर्बादी नहीं।  फिर एक बार मनमोहन सिंह के शब्दों को याद करें जो उन्होंने नोटबंदी के समय कहे थे: ' It is an organised loot and legalised plunder ' : कानूनी और संगठित लूट। जब तक यह सरकार रहेगी हमारी नैतिकता और अर्थव्यवस्था संगठित डकैती का शिकार होती रहेगी। कमज़ोर सरकार मंजूर है पर संगठित लुटेरों की सरकार हटानी ही होगी। समय तेजी से भाग रहा है। स्पीड ब्रेकर बनाना  ही होगा भले ही गाड़ी एक बार जोर से उछले ।

 

(लेखक गुरुग्राम में रहते हैं।  संप्रति स्‍वतंत्र लेखन।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।