logo

मंत्री अजय मिश्रा को देना होगा इस्तीफा! लखीमपुर हिंसा मामले में केंद्र पर बनाएंगे दबाव: राहुल गांधी

मंत्री अजय मिश्रा को देना होगा इस्तीफा! लखीमपुर हिंसा मामले में केंद्र पर बनाएंगे दबाव: राहुल गांधी

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में एसआईटी की रिपोर्ट सामने आई है। एसआईटी ने अपनी जांच में पाया कि किसानों को साजिशन कुचला गया था। हिंसा में 4 किसानों और 1 पत्रकार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा उर्फ मोनू के काफिले में शामिल गाड़ी ने कुचल दिया था। घटना को लेकर जहां किसानों में भीषण आक्रोश था तो वहीं सियासत भी गरमा गई थी। तमाम बड़ी पार्टियों के शीर्ष नेताओं ने वहां डेरा डाल दिया था। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने तो मारे गये पत्रकार के आवास पर भूख हड़ताल कर दी थी। 

एसआईटी ने जांच में साजिश बताया
एसआईटी द्वारा अपनी जांच रिपोर्ट में घटना को साजिश बताये जाने के बाद मामला और गरमा गया है। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने कहा कि सरकार मामले में क्या कार्रवाई करती है, ये इस बात पर निर्भर करता है कि हम कितना दबाव डालेंगे। राहुल गांधी ने कहा कि हम ये सुनिश्चित करेंगे कि अपराधी जोकि एक मंत्री है इस्तीफा दे। पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि हमने कहा था कि कृषि कानून वापस लिया जाये। सभी ने दबाव डाला और कृषि कानून वापस हो गया। 

मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग
गौरतलब है कि समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि कहा गया है कि लखीमपुर खीरी हिंसा की घटना दरअसल एक साजिश थी। ये लापरवाही का मामला नहीं था बल्कि फूलप्रूफ प्लान के तहत किसानों को कुचला गया था। राहुल गांधी ने कहा कि सभी जानते हैं कि इसमें किसका बेटा शामिल है। हम चाहते हैं कि केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा इस्तीफा दें। राहुल ने कहा कि हम मसले पर संसद में चर्चा चाहते थे लेकिन प्रधानमंत्री ने मना कर दिया। बीजेपी बहाना बना रही है। 

चौतरफा घिरे हैं अजय मिश्रा उर्फ टेनी
गौरतलब है कि इससे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी ट्वीट के जरिये केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा की गिरफ्तारी की मांग कर चुके हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी मांग की है कि घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अजय मिश्रा को इस्तीफा दे देना चाहिए। सवाल है कि प्रधानमंत्री या गृहमंत्री मामले में क्या कर रहे हैं। किसानों को न्याय चाहिए।