logo

JPSC अभ्यर्थियों पर पुलिसिया कार्रवाई शर्मनाक, जल्दी हो बच्चों की सकुशल रिहाई: आशा लकड़ा

JPSC अभ्यर्थियों पर पुलिसिया कार्रवाई शर्मनाक, जल्दी हो बच्चों की सकुशल रिहाई: आशा लकड़ा

द फॉलोअप टीम, रांची: 

भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सह रांची की मेयर डॉ. आशा लकड़ा ने शनिवार को जेपीएससी अभ्यर्थियों पर की गई पुलिसिया कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने कहा कि जेपीएससी अभ्यर्थी पिछले कई दिनों से अभ्यर्थियों के चयन प्रक्रिया में की गई गड़बड़ियों का विरोध कर परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे थे, परंतु हेमंत सरकार ने अपनी कायरता का परिचय देते हुए शनिवार को न सिर्फ पुलिसिया कार्रवाई की, बल्कि उन्हें जबरन मोरहाबादी मैदान से उठाया गया और विरोध-प्रदर्शन कर रहे सभी अभ्यर्थियों को गायब कर दिया। 

कायरतापूर्ण कार्रवाई पर शर्म करें मुख्यमंत्री! 
आशा लकड़ा ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सरकार को इस कायरता पूर्ण कार्रवाई पर शर्म आनी चाहिए। सभी अभ्यर्थियों के परिजन इस कार्रवाई से परेशान हैं। वे अपने बच्चों की जगह-जगह तलाश कर रहे हैं। राज्य सरकार की इस कायरतापूर्ण कार्रवाई से यह स्पष्ट हो चुका है कि हेमंत सोरेन की सरकार जेपीएससी अभ्यर्थियों की आवाज को कुचलने का काम कर रही है। 

सदन से सड़क तक आंदोलन करेगी बीजेपी 
मेयर आशा लकड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री इस मामले पर गंभीरतापूर्वक विचार कर उचित निर्णय लें और पुलिसिया कार्रवाई की आड़ में गायब किए गए जेपीएससी अभ्यर्थियों को जल्द से जल्द सकुशल रिहा करें, अन्यथा भाजपा इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। राज्य सरकार एक ओर बेरोजगारों को रोजगार देने की घोषणा कर रही है और दूसरी ओर जेपीएससी अभ्यर्थियों की जायज मांग को दबाकर उनके भविष्य के साथ घिनौना मजाक कर रही है।