logo

मदरसों में लगे योगा क्लास! BJP अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रवक्ता राफिया नाज ने दिया प्रस्ताव

मदरसों में लगे योगा क्लास! BJP अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रवक्ता राफिया नाज ने दिया प्रस्ताव

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

योग शिक्षा को बढ़ावा देने को लेकर चर्चा में रहीं राफिया नाज ने शुक्रवार को अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात की। गौरतलब है कि हाल ही में योग शिक्षिका राफिया नाज ने भारतीय जनता पार्टी ज्वॉइन की है। राफिया को बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रवक्ता बनाया गया है। मुख्तार अब्बास नकवी से मुलाकात कर राफिया नाज ने हर मदरसे तथा अल्पसंख्यक संस्थान और अनाथालय में योग शुरू करवाने की अपील की। कहा कि इससे बच्चों को बहुत फायदा पहुंचेगा। 

झारखंड में लोकप्रिय हैं राफिया नाज
गौरतलब है कि राफिया नाज झारखंड में जाना-माना नाम है। योग शिक्षिका के तौर पर करियर शुरू करने वालीं राफिया अब बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रवक्ता हैं। बीजेपी में शामिल होने के बाद भी योग के प्रति उनका रूझान कम नहीं हुआ है। उन्होंने तय कर लिया है कि योग को घर-घर तक पहुंचाना है। राफिया नाज का कहना है कि सभी मदरसा सहित अल्पसंख्यक स्थानों में योग शुरू होने से ना केवल रोजगार के मौके बढ़ेंगे बल्कि इससे कौशल विकास भी होगा। लोग स्वस्थ जीवन भी संभव बना पायेंगे। 

मुख्तार अब्बास नकवी से की है मांग
मिली जानकारी के मुताबिक राफिया नाज के प्रस्ताव पर केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सकारात्मक रूख दिखाया और कहा कि इस पर गंभीरता से विचार किया जायेगा। गौरतलब है कि राफिया बीते 4 दिसंबर को बीजेपी में शामिल हो गई थीं। उन्होंने कहा था कि वो बीजेपी और प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों से काफी प्रभावित हुई हैं। कहा था कि वो हर प्रखंड में योग शिविर लगायेंगी। 

योग की वजह से झेलनी पड़ी थी आलोचना
रांची के डोरंडा की रहने वाली राफिया नाज पेशे से योग शिक्षिका हैं। राजधानी में लोग उनको योगगुरू के नाम से जानते हैं। योग की वजह से राफिया मुस्लिम कट्टरपंथियों के निशाने पर रहीं। योग की वजह से उनके खिलाफ फतवा भी जारी किया गया। राफिया को कई बार धमकाया भी गया। सोशल मीडिया में उनको अपशब्द कहा गया। ट्रोलिंग हुई लेकिन राफिया योग के रास्त से पीछे नहीं हटीं।