द फॉलोअप टीम, रांचीः
अगले कुछ दिनों के बाद कड़ाके की ठंड से लोगों को राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की उम्मीद जतायी है। 27 दिसंबर को बादल छाए रहने के आसार हैं। जबकि राज्य के कई जिलों में 28-29 को हल्की बारिश होने की भी संभावना है। गुरूवार को रांची का तापमान 7 डिग्री रहा वहीं कांके का तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 7 बजे तक अभी भी कोहरा छाया रहेगा। धीर-धीरे राज्य शीतलहर की चपेट से बाहर निकल रहा है।
क्रिसमस से पहले मिलेगी राहत
क्रिसमस से पहले लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के हेड अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाली सर्द हवाओं के बहाव में थोड़ी कमी आएगी। तीन से चार दिन में तापमान 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। आज राज्य में ठंड में कमी होने से शीतलहर खत्म हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के और मजबूत होने की स्थिति में 27 दिसंबर को राज्य के विभिन्न इलाके में आसमान में बादल छाए रहेंगे।

जानें, आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम पूर्वानुमान में गुरुवार को राज्य के रांची, गढ़वा, डालटनगंज, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, बोकारो, खूंटी और सिमडेगा में न्यूनतम तापमान छह से सात डिग्री रहेगा। वहीं कोल्हान , धनबाद, गिरिडीह, देवघर,दुमका, पाकुड़ और गोड्डा में न्यूनतम तापमान आठ से 9 डिग्री रहने के आसार हैं।