logo

वसीम रिजवी ने अपनाया हिंदू धर्म, कहा खुद को मुसलमान कहलाने में आती है शर्म

वसीम रिजवी ने अपनाया हिंदू धर्म, कहा खुद को मुसलमान कहलाने में आती है शर्म

द फॉलोअप टीम, लखनऊः

वसीम रिजवी फिर चर्चा में हैं, उन्होने इस्लाम धर्म छोड़कर हिन्दू धर्म को अपना लिया है। बता दें कि वसीम रिजवी उत्तर प्रदेश के प्रमुख मुस्लिम चेहरों में से एक थे। अब उन्होने सनातन धर्म अपना लिया है। डासना मंदिर में महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती ने उन्हें हिंदू धर्म ग्रहण कराया।  इस दौरान कई अनुष्ठान किए गये। अब रिजवी त्यागी बिरादरी से जुड़ेंगे। रिजवी अब हरबीर नारायण सिंह त्यागी के नाम से जाने जाऐंगे। रिजवी ने पहले ही कहा था कि नरसिंहानंद गिरि महराज ही उनका नया नाम रखेंगे।

मुसलमान कहलाने में शर्म आती है 
इस्लाम को छोड़ने की बात पर रिजवी ने कहा कि मुझे इस्लाम से बाहर कर दिया गया है, हमारे सिर पर हर शुक्रवार को ईनाम बढ़ा दिया जाता है, आज मैं सनातन धर्म अपना रहा हूं। धर्म परिवर्तन की यहां कोई बात नहीं है, जब मुझे इस्लाम से निकाल दिया गया तो फिर मेरी मर्जी है कि मैं कौन-सा धर्म स्वीकार करूं। सनातन धर्म दुनिया का सबसे पहला धर्म है, जितनी उसमें अच्छाइयां पाई जाती हैं, और किसी धर्म में नहीं हैं। इस्लाम को हम धर्म ही नहीं समझते। हर जुमे को नमाज के बाद हमारा सिर काटने के लिए फतवे दिए जाते हैं तो ऐसी परिस्थिति में हमको कोई मुसलमान कहे, हमको खुद शर्म आती है। 

हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार हो 
वसीम रिजवी ने कहा कि आज से वह सिर्फ हिंदुत्व के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मुसलमानों का वोट किसी भी सियासी पार्टी को नहीं जाता है। मुसलमान केवल हिंदुत्व के खिलाफ और हिंदुओं को हराने के लिए वोट करते हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही वसीम रिजवी ने अपनी वसीयत जारी की थी। इस वसीयत में उन्‍होंने ऐलान किया था कि मरने के बाद उन्हें दफनाने के बजाय हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार किया जाए। उन्‍होंने यह भी कहा था कि यति नरसिम्हानंद उनकी चिता को आग दें।