logo

JAC Board 2021: तैयार हो रहा है बोर्ड परीक्षार्थियों का रिजल्ट, स्कूलों को इस पोर्टल पर डालना होगा बच्चों का मार्क्स

JAC Board 2021: तैयार हो रहा है बोर्ड परीक्षार्थियों का रिजल्ट, स्कूलों को इस पोर्टल पर डालना होगा बच्चों का मार्क्स
द फॉलोअप टीम, रांची: 


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कोरोना महामारी की दूसरी लहर में संक्रमण के व्यापक खतरे की आशंका को देख कर झारखंड एकेडमिक काउंसिल की 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा रद्द कर दी थी। 10वीं बोर्ड का परिणाम 9वीं कक्षा के प्रदर्शन और 12वीं बोर्ड का परिणाम 11वीं कक्षा के प्रदर्शन के आधार पर जारी किया जायेगा। झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक रिजल्ट तैयार करने में जुटा है। 


मूल्यांकन नीति को शिक्षा विभाग की मंजूरी मिली
मिली जानकारी के मुताबिक 10वीं बोर्ड का परिणाम 9वीं कक्षा में हासिल अंकों के आधार पर किया जायेगा वहीं 12वीं कक्षा का परिणाम 11वीं कक्षा में हासिल मार्क्स के आधार पर किया जायेगा। इसमें प्रैक्टिकल और इंटरनल असेस्टमेंट जैसे कि प्रीबोर्ड, प्रैक्टिकल, यूनिट टेस्ट, हाफ इयरलि परीक्षाओं का मार्क्स भी जोड़ा जायेगा। झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा गठित विशेष कमिटी की इस अनुशंसा को शिक्षा विभाग की मंजूरी भी मिल चुकी है। सुप्रीम कोर्ट ने भी आदेश दिया है कि 31 जुलाई तक किसी भी परिस्थिति में बोर्ड का परिणाम जारी करना होगा। 

झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने पोर्टल बनाया है
गौरतलब है कि अंक की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने प्रैक्टिकल और इंटरनल असेस्मेंट के मार्क्स के लिए एक पोर्टल तैयार किया है। सभी स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि इस पोर्ट्ल में बच्चों का अंक अपलोड करना होगा। जैक के अधिकारियों ने कहा कि पोर्टल तैयार किया जा चुका है। इस सप्ताह पोर्टल को लाइव किया जायेगा। सभी स्कूलों को प्राचार्य को इसकी लॉग इन आइडी और पासवर्ड दी जायेगी। इसके जरिए वो बच्चों का मार्क्स अपलोड कर सकेंगे। बता दें कि इसका अन्य कोई विकल्प नहीं होगा। 

इस आधार पर मूल्यांकन नीति पर बनी सहमति
सवाल है कि मौजूदा मूल्यांकन की नीति पर सहमति कैसे बनी। दरअसल मौजूदा सत्र के 10वीं और 12वीं के बच्चे 9वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षा पास करके आये हैं। 9वीं और 11वीं की परीक्षा राज्य स्तर पर जैक बोर्ड ने ही आयोजित किया था। यही वजह है कि झारखंड एकेडमिक काउंसिल 9वीं और 11वीं कक्षा के आधार पर 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी करने जा रहा है। बता दें कि दोनों को मिलाकर राज्यभर में कुल 8 लाख विद्यार्थी हैं।