द फॉलोअप टीम, पलामू:
झारखंड की एक और बेटी खेल जगत में प्रदेश का नाम अग्रसर करने की ओर कदम बढ़ा चुकी है। बात हो रही है सीमंती कुमारी की जिन्होंने झारखंड एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र हजारीबाग में नामांकन के लिए होने वाली 400 मीटर की दौड़ में पूरे झारखंड में पहला स्थान प्राप्त किया। सुमंति का नामांकन प्रशिक्षण केंद्र में हो गया है। वो सपनों को हकीकत के अंजाम तक पहुंचाने के लिए पहला कदम बढ़ा चुकी है। राज्य सरकार की तरफ से सीमंती को प्रोत्साहन भी दिया गया।
पलामू के इरगु गांव में रहती हैं सीमंती कुमारी
सीमंती पलामू जिला के पांकी प्रखंड मुख्यालय से 18 किमी दूर सुदूरवर्ती पंचायत रतनपुर के इरगु गांव की रहने वाली है। सीमंती के पास संसाधन का अभाव है लेकिन अपनी लगन की बदौलत उन्होंने झारखंड एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र हजारीबाग में दाखिला लिया। सीमंती की ट्रेनिंग शुरू हो चुकी है। कोच आलोक कुमारी की निगरानी में सींमती दौड़ का प्रशिक्षण ले रही हैं। राज्य सरकार ने बतौर प्रोत्साहन राशि 54हजार 600 रुपया दिया है।
सीमंती के पिता किसानी से परिवार चलाते हैं
मिली जानकारी के मुताबिक सीमंती के पिता सीताराम उरांव किसान हैं। खेती-किसानी से ही पूरे परिवार की आजीविका चलती है। सीमंती तीन भाई और तीन बहनें हैं। सीमंती वैसे गांव से आती हैं जहां पक्की सड़क तक नहीं जाती। परिवार को सरकारी सहायता के नाम पर केवल उज्जवला गैस कनेक्शन की सुविधा मिली है। कम संसाधनों के बीच पल-बढ़ रहीं सीमंती भविष्य में झारखंड और देश का नाम खेल जगत में रौशन करना चाहती हैं।
परिवार को सीमंती से काफी ज्यादा उम्मीद हैं
द फॉलोअप संवाददाता महबूब आलम से बातचीत में सीमंती के भाई ने कहा कि उनकी बहन को सरकार की ओर से जो भी प्रोत्साहन राशि दी गई है उसका कोई भी हिस्सा घर में खर्च नहीं किया जाएगा। उन पैसों से सीमंती के लिए टैकशूट और जूता सहित अन्य खेल उपकरण खरीदा जाएगा। परिवार का कहना है कि सीमंती दिवंगत मिल्खा सिंह से काफी प्रभावित है और उन्हीं की तरह बनना चाहती है। परिवार को सरकार से भी काफी अपेक्षाएं हैं।
झारखंड की बेटियों ने लहराया है परचम
गौरतलब है कि अभी हाल ही में रांची के ओरमांझी की रहने वाली चंचला कुमारी ने हंगरी के बुडापेस्ट में आयोजित होने जा रहे विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में जगह बनाकर पूरे प्रदेश का नाम रौशन किया है। मुख्यमंत्री ने खुद चंचला कुमारी से मुलाकात की हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री की निगाह सीमंती पर भी पड़ेगी। अभी हाल ही में झारखंड की दीपिका कुमारी, कोमोलिका बारी और अंकिता भकत ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप में टीम स्पर्था में स्वर्ण पदक जीता है। दीपिका कुमारी ने तो मिश्रित युगल और व्यक्तिगत स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता।