द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
कोरोना के ओमिक्रॉन वेरिएंट का खतरा बढ़ता जा रहा है। इस बीच एक अच्छी खबर सामने आ रही है। मिली जानकरी के मुताबिक 3 साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों के लिए वैक्सीन अगले छह महीने में लॉंच की जायेगी। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाल ने ये जानकारी दी। अदार पूनावाला ने ये जानकारी सीआईआई पार्टनरशिप समिट में कही।
ओमिक्रॉन वेरिएंट ने बढ़ाई है चिंता
गौरतलब है कि फरवरी 2020 से भारत सहित दुनिया भर के अलग-अलग देशों में कोरोना के डेल्टा वेरिएंट ने तबाही मचाई थी। तबाही का ये सिलसिला जुलाई तक चला। भारत इससे सबसे ज्यादा प्रभावित था। इसे कोरोना की दूसरी लहर के तौर पर जाना गया जिसमें भारत में लाखों लोगों ने जान गंवाई। अब दुनिया में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वेरिएंट का खतरा मंडरा रहा है। दुनिया भर में वैक्सीन लगाई जा रही है लेकिन बच्चों के लिए वैक्सीन नहीं बनी। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कह चुके हैं कि कोरोना की तीसरी लहर में सबसे ज्यादा खतरा बच्चों को होगा। ऐसे में बच्चों के लिए वैक्सीन लांच होने की बात काफी सुखद है।
अदार पूनावाला ने किया सुखद ऐलान
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पुणे स्थित फार्मास्युटिकल कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और दवा निर्माता कंपनी एस्ट्राजेनेका द्वारा निर्मित वैक्सीन का उत्पादन किया। इस वैक्सीन का नाम कोविशील्ड है। भारत में अधिकांश नागरिकों को कोविशील्ड का ही टीका लगाया गया है। ये कोरोना वायरस के खिलाफ ज्यादा प्रभावी भी साबित हुआ है। अब एसआईआई के सीईओ अदार पूनावाला ने कहा है कि अगले 6 महीने में बच्चों के लिए वैक्सीन लांच की जायेगी।

ओमिक्रॉन के खतरे के बीच सुखद खबर
गौरतलब है कि इससे पहले अहमदाबाद स्थित फार्मास्युटिकल कंपनी जायडस कैडिला को भी बच्चों के लिए बनाई गई वैक्सीन के ट्रायल की मंजूरी मिल चुकी है। उस पर काम जारी है। अमेरिकी कंपनी फाइजर और मॉर्डना इंक को भी बच्चों के लिए कोविड टीका ट्रायल की इजाजत मिल चुकी है। कोशिश यही होगी कि जल्दी से जल्दी बच्चों के लिए टीका उपलब्ध हो ताकि बड़ी आबादी को कोरोना महामारी से बचाया जा सके। ओमिक्रॉन को लेकर डब्ल्यूएचओ की चिंता के बीच ये और भी जरूरी है।