द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
भारत में कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन से पीड़ित लोगों को संख्या दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। रविवार को महाराष्ट्र में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत 7 लोगों में ओमिक्रॉन के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद भारत में कोरोना के इस नये वैरिएंट से संक्रमित लोगों की संख्या 12 हो गयी है। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि प्रदेश में 7 लोगों में कोविड19 के ओमिक्रॉन वैरिएंट के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में नये वैरिएंट से संक्रमितों की संख्या 8 हो गयी है।

तेलंगाना में 13 विमान यात्री मिले कोरोना से संक्रमित
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में रविवार को विमान से आये 13 यात्रियों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। तेलंगाना के स्वास्थ्य निदेशक डॉ श्रीनिवास राव ने बताया कि इन सभी के सैंपल लेकर उसे जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेज दिया गया है। इससे पहले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने राष्ट्रीय राजधानी में पहले ओमिक्रॉन वैरिएंट के संक्रमण की पुष्टि की।
राजस्थान में वैरिएंट के 9 मामले
महाराष्ट्र के बाद अब राजस्थान में कोरोना वायरस के ओमिक्रॉन वैरिएंट के 9 मामले सामने आये हैं। ये सभी मामले राजधानी जयपुर में पाये गये हैं। राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी है। कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कोविड19 वर्किंग ग्रुप ऑफ नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्युनाइजेशन की सोमवार को अहम बैठक हो सकती है। इसमें कोरोना वैक्सीन के बूस्टर डोज और बच्चों के टीकाकरण पर चर्चा हो सकती है।
नये वैरिएंट ओमिक्रॉन से दहशत फैली
कोरोना वायरस की वजह से लंबे समय तक लॉकडाउन झेलने के बाद दुनिया अनलॉक हुई ही थी कि कोरोना के नये वैरिएंट ओमिक्रॉन ने दहशत फैला दी है। भारत समेत पूरी दुनिया इसके संक्रमण से बचने की कोशिश कर रही है, लेकिन कोरोना का नया वैरिएंट हर जगह अपने पैर पसारने लगा है। कर्नाटक, गुजरात के बाद महाराष्ट्र से पॉजिटिव की संख्या ने दहशत फैला दिया है।