logo

महंगाई के खिलाफ शिकारीपाड़ा कांग्रेस कमिटी ने निकाली पदयात्रा, केंद्र सरकार के खिलाफ दिखा आक्रोश

महंगाई के खिलाफ शिकारीपाड़ा कांग्रेस कमिटी ने निकाली पदयात्रा, केंद्र सरकार के खिलाफ दिखा आक्रोश

द फॉलोअप टीम, दुमका: 

देश में इस वक्त महंगाई बड़ा मुद्दा है। मुद्दा ज्वलंत भी है। पेट्रोल और डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। खाद्य तेल की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि देखी गई है। रसोई गैस भी मिडिल क्लास के लिए चिंता का विषय है। आम जनता की रसोई से लेकर राजनीतिक दलों के आंदोलनों और संसद तक में महंगाई पर चर्चा हो रही है। सरकार जहां इस मामले में बैकफूट पर है तो वहीं विपक्ष हमलावर। 

शिकारीपाड़ा में निकाली गई पदयात्रा
इस आलोक में दुमका जिला के शिकारीपाड़ा प्रखंड में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा रैली निकाली गई। महंगाई के खिलाफ ये रैली शिकारीपाड़ा कांग्रेस कमिटी द्वारा निकाली गई थी। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कस्बे के मोहुलबाड़ी बाजार से आदिवासी टोला होते हुए कई बस्तियों से होकर पदयात्रा निकाली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध जताया। 

केंद्र की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर आम लोगों को जागरूक किया। कहा कि मोदी सरकार में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी इजाफा किया गया है। खाद्य तेल की कीमतें भी बेतहाशा बढ़ी हैं। महंगाई पर लगाम लगाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार कोई पहल नहीं कर रही है। महंगाई की वजह से आम जनता बेहाल है। लॉकडाउन की वजह से खस्ताहाल अर्थव्यवस्था के बाद बढ़ी महंगाई ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे केंद्र की नीतियों के खिलाफ सजग हों। 

पदयात्रा कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा
महंगाई के खिलाफ शिकारीपाड़ा कांग्रेस कमिटी द्वारा निकाली गई इस पदयात्रा में कांग्रेस के स्टीफन बेसरा  शईद अंसारी , जैनुल अंसारी , अंजुला मुर्मू , तमीज उद्दीन अंसारी , परवेज आलम सद्दाम अंसारी आदि शामिल थे। कुछ आम लोगों ने भी इसमें हिस्सा लिया।