द फॉलोअप टीम, चतराः
सिमरिया के भाजपा विधायक किशुन कुमार दास के विधायक प्रतिनिधि पर महिला को रोककर छेड़खानी और दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। मामला विधायक के प्रतिनिधि प्रकाश पाठक के खिलाफ टंडवा थाना में दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि गाडीलौंग गांव की कुछ महिलाएं धरना स्थल से अपने घर लौट रही थीं। इसी बीच बाईपास रोड में विधायक प्रतिनिधि ने महिला को रोककर छेड़खानी की, साथ ही दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। महिला की लिखित शिकायत पर टंडवा थाना कांड संख्या 201/21 के तहत दर्ज हुआ है।

हल्ला करने पर फरार हुआ आरोपित
महिला ने बताया कि बाईपास रोड में रोककर छेड़खानी की, साथ ही दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। हल्ला मचाने के बाद आरोपित फरार हो गया था। तब जाकर पुलिस में लिखित शिकायत जमा कराई। पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि पूरे मामले में क्या सच्चाई है।
क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक, सिमरिया विधायक ने सोमवार को भू-रैयतों के आंदोलन के खिलाफ और एनटीपीसी प्लांट का निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ जुलूस निकाला था। उसी के विरोध में विस्थापित गांवों की आंदोलित महिलाओं ने पैदल मार्च किय। गांव की सैकड़ों महिलाएं धरना स्थल पहुंचीं। महिलाएं धरना स्थल से थाना, मुख्य बाजार होते हुए शहीद चौक व एनटीपीसी मुख्य गेट पहुंचकर मार्च को समाप्त किया। साथ में आंदोलित महिलाओं के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगाते हुए विधायक प्रतिनिधि प्रकाश पाठक की गिरफ्तारी की मांग की है।