logo

पिछड़ा वर्ग समाज को एकजुट करने के लिए 10 दिसंबर को हर प्रखंड में सामाजिक न्याय सभा

पिछड़ा वर्ग समाज को एकजुट करने के लिए 10 दिसंबर को हर प्रखंड में सामाजिक न्याय सभा

द फॉलोअप टीम, रांची:
पिछड़ा वर्ग समाज को जागरुक और एकजुट करने के मुहिम एवं सामाजिक न्याय आंदोलन को और तेज करने के उद्देश्य के साथ अखिल झारखण्ड पिछड़ा वर्ग महासभा आगामी 10 दिसंबर को राज्य के सभी 260 प्रखंडों में प्रखंडस्तरीय सामाजिक न्याय सभा सह एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इतना ही नहीं 21 दिसंबर को राज्य के सभी जिलों में जिलास्तरीय सामाजिक न्याय सभा सह एकदिवसीय उपवास कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इसके साथ ही प्रखण्ड स्तर पर प्रखण्ड विकास पदाधिकारी एवं जिला स्तर पर उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम से प्रेषित स्मार-पत्र  राज्यपाल तक पहुँचाकर पिछड़ों के वाज़िब हक और अधिकार को देने की मांग भी करेगी।


 
आबादी के अनुसार आरक्षण हो सुनिश्चित
बताते चले कि बुधवार को आजसू पार्टी केंद्रीय कार्यालय में अखिल झारखण्ड पिछड़ा वर्ग महासभा के राज्यस्तरीय सम्मेलन में सामाजिक न्याय आंदोलन को और तेज करने की बात की गयी थी। कई प्रस्ताव भी पारित किए थे, जिसमें मुख्य रुप से राष्ट्रीय मानक और झारखण्ड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की अनुशंसा के आधार पर पिछड़ों को आबादी अनुसार आरक्षण सुनिश्चित करने, जातीय जनगणना कराने, पिछड़ों के लिए आजीवन वैधता वाला जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने एवं प्राइवेट सेक्टर में भी आरक्षण सुनिश्चित करने की बात की गयी थी। अखिल झारखण्ड पिछड़ा वर्ग महासभा सामाजिक न्याय के मुद्दे पर और मुखर हो गयी है। इसी मकसद के साथ पिछड़ा वर्ग महासभा सभी छोटे-छोटे संगठनों, जो इस मुद्दे पर अलग-अलग मंचों पर अपनी बात रखते आ रहे हैं, उन्हें भी एकजुट करने में जुट गयी है।