द फॉलोअप टीम, रांचीः
राज्य फिर बिजली के संकट से गुजर रहा है। कई-कई घंटो तक बिजली के गायब होने की समस्या शुरू हो गई है। मांग की तुलना में कम बिजली सप्लाई की जा रही है, जिससे लोड शेडिंग करनी पड़ रही है। बिजली की आपूर्ति 330 से 370 मेगावाट तक कम हो गयी है। झारखंड बिजली वितरण निगम (जेबीवीएनएल) के निदेशक केके वर्मा का कहना है कि यह समस्या अस्थाई है, जल्द ही इसे दूर कर लिया जाएगा।

2174 करोड़ बकाया होने का असर
वर्तमान में राज्य में बिजली की मांग 1500 मेगावाट तक पहुंच रही है। दिन के वक्त बिजली मांग की तुलना में करीब 370 और शाम में 330 मेगावाट कम उपलब्ध हुई। बताया जा रहा है कि एनटीपीसी के ओडिशा स्थित एक संयंत्र से आपूर्ति प्रभावित होने के कारण राज्य को बिजली कम मिल रही है। सरी ओर डीवीसी कमांड एरिया में बिजली कटौती का सिलसिला बीते छह नवंबर से जारी है। डीवीसी कमांड एरिया धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा, गिरिडीह, रामगढ़, बोकारो में प्रतिदिन 600 मेगावाट बिजली आपूर्ति करता है, लेकिन जेबीवीएनएल पर 2174 करोड़ बकाया होने के कारण अल्टीमेटम देकर 50 प्रतिशत तक कटौती कर रहा है। डीवीसी कमांड एरिया में चार से छह घंटे तक की कटौती आम स्थिति बनी हुई है।
नियमित भुगतान करने की अपील
राज्य में 30 से 35 लाख उपभोक्ता की बिलिंग हो रही है, जबकि जेबीवीएनएल के राज्य में 40 लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। राजस्व वसूली का काम भी जारी है फिर भी उससे अब तक सिर्फ 285 करोड़ रुपये वसूल हो पाये हैं, जबकि लक्ष्य 450 करोड़ का था। जेबीवीएनएल ने बिजली बिल का नियमित भुगतान करने की अपील की है, ताकि मांग के बराबर बिजली आपूर्ति की जा सके।