द फॉलोअप टीम, रांची:
राजस्थान के जयपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा महंगाई हटाओ रैली का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा सांसद राहुल गांधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित शीर्ष नेता शामिल हुये। इस रैली में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर के नेतृत्व में अलग-अलग जिलों से आये कई कार्यकर्ताओं और नेताओं ने शिरकत की।
राहुल और प्रियंका गांधी का संबोधन
रैली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी ने लोगों को संबोधित किया। दोनों ने रैली में कहा कि बीजेपी सरकार देश में कमरतोड़ महंगाई और बेरोजगारी जैसे ज्वलंत समस्याओं के समधान में विफल रही है। राहुल गांधी ने रैली में कहा कि बीजेपी धर्म के नाम पर लोगों को बरगला कर सत्ता में आई। राहुल गांधी ने कहा कि देश हिंदुओं का है, ना कि हिंदुवादियों का। राहुल गांधी ने रैली में कहा कि महात्मा गांधी हिंदू थे जबकि नाथूराम गोडसे हिंदुत्ववादी। राहुल गांधी ने कहा कि लड़ाई हिंदु बनाम हिंदुत्ववाद की है।

महारैली बदलाव का शंखनाद!
राजस्थान में आयोजित इस रैली को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता डॉ. राकेश किरण महतो ने कहा कि इस रैली में उमड़े जनसैलाब और इसकी जबर्दस्त सफलता से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नये जोश का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि ये महारैली मोदी सरकार के खिलाफ बदलाव का शंखनाद है।
महारैली में शामिल हुये ये कांग्रेसी नेता
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, आलमगीर आलम, डॉ. रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता, बादल पत्रलेख, कार्यकारी अध्यक्ष गीता कोड़ा, बंधु तिर्की, जलेश्वर महतो, प्रदीप यादव, विधायक राजेश कच्छप, डॉ. इरफान अंसारी, नमन विक्सल कोंगाड़ी, भूषण बाड़ा, रामचंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राकेश किरण महतो, सतीश पौल मुंजनी, ईश्वर आनंद,कार्यालय प्रभारी अमुल्य नीरज खलखो, कालीचरण मुंडा, शकील अख्तर, गुंजन सिंह, केशव महतो, शमशेर आलम, शशिभूषण राय, सुरेश बैठा, रौशन बरूवा, बृजेन्द्र सिंह,अनुप केसरी शामिल हुये।