logo

बिना मान्यता B.Ed कॉलेज में लिया दाखिला, परीक्षा देने की बारी आई तो मना कर दिया

बिना मान्यता B.Ed कॉलेज में लिया दाखिला, परीक्षा देने की बारी आई तो मना कर दिया

द फॉलोअप टीम, रांची: 

बीएड के सत्र 2020-22 के 98 विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। ये सभी विद्यार्थी झारखंड सरकार के अधीन चलने वाले बीएड कॉलेज में नामांकित हैं। बड़ा सवाल है कि यहां के विद्यार्थी चिेंतित क्यों है। दरअसल, एनसीटीई से मान्यता नहीं मिलने के बाद भी झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा द्वारा इन विद्यार्थियों का दाखिला लिया गया। अब जब परीक्षा देने की बारी आती तो रांची विश्वविद्यालय कह रहा है कि चूंकि मान्यता नहीं है इसलिए आप परीक्षा नहीं दे सकते। विद्यार्थी परीक्षा से वंचित हो गये हैं। 

कौन करता है बीएड कॉलेज का संचालन
अब सरकारी बीएड कॉलेज (कांके) के विद्यार्थी मान्यता को लेकर उच्च शिक्षा विभाग पहुंचे। यहां उनको बताया गया है कि मान्यता के लिए एनसीटीइ को पत्र लिखा गया है। 1 साल बीतने को है लेकिन मान्यता नहीं मिली। मान्यता नहीं रहने की वजह से झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा द्वारा सत्र-2021 के लिए इस कॉलेज में दाखिला नहीं लिया गया।

गौरतलब है कि बीएड कॉलेज का संचालन फिलहाल माध्यमिक शिक्षा निदेशालय व उच्च शिक्षा निदेशालय द्वारा किया जा रहा है। इस कॉलेज को मान्यता नहीं मिलना चिंता का विषय है। विद्यार्थी काफी परेशान है। उनको अपने भविष्य की चिंता सताने लगी है। वे न्याय मांग रहे हैं।

 

परीक्षा नहीं दिये जाने से विद्यार्थी परेशान
हालात ऐसे हैं कि विद्यार्थी कभी माध्यमिक तो कभी उच्च शिक्षा निदेशालय का चक्कर लगा रहे हैं। उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। एनसीटीइ का प्रावधान कहता है कि शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों की कमी पूरी करनी है। नियम के मुताबिक कॉलेज में 8 शैक्षणिक और 6 गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति करना है लेकिन ये अब तक संभव नहीं हो सका है।

विद्यार्थी किसी तरह से अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे हैं। अब परीक्षा नहीं दिये जाने से उनका भविष्य ही अधर में लटक गया है।