logo

रांची: स्वच्छ भारत मिशन के कर्मचारी ने शुरू किया आंदोलन, 31 दिसंबर को खत्म हो रहा अनुबंध

रांची: स्वच्छ भारत मिशन के कर्मचारी ने शुरू किया आंदोलन, 31 दिसंबर को खत्म हो रहा अनुबंध

द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखंड में स्वच्छ भारत मिशन के तकरीबन 1100 कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। मामला अनुबंध खत्म करने से जुड़ा है। दरअसल स्वच्छ भारत मिशन के ग्रामीण इकाई का दूसरा फेज शुरू होने वाला है। इसी मसले  पर केंद्र सरकार ने एक पत्र के माध्यम से राज्य को ये निर्देश दिया है कि जो पहले से कार्यरत हैं उन्हें फेज 2 में भी सेवा में रखा जाये। 

सरकार ने पुरानी नियुक्तियों को रद्द किया
केंद्र सरकार ने अपने निर्देश में कहा है कि कर्मचारी की जरूरत हो तो राज्य सरकार बहाल कर सकती है। झारखंड सरकार के स्वच्छता विभाग ने पुरानी सारी नियुक्तियों को रद्द कर दिया है। सरकार नये सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करना चाहती है। ऐसी स्थिति में तमाम पुराने कर्मचारियों की नियुक्ति रद्द कर दी गई है। अनुबंध खत्म कर दिया गया है। 

31 दिसंबर 2022 को खत्म हो रहा अनुबंध
स्वच्छ भारत मिशन में कर्मचारियों का अनुबंध 31 दिसंबर 2021 को खत्म होने जा रहा है। अब जो कर्मचारी बीते 8 साल से इसमें कार्यरत हैं, उनके सामने समस्या है कि यदि सरकार ने उनका अनुबंध नहीं बढ़ाया। उनकी मांग नहीं मानी तो उनका क्या होगा। घर कैसे चलेगा। बच्चों की पढ़ाई का क्या होगा। ये सारी चिंता भविष्य के गर्भ में है। इनका अनुबंध खत्म ना किया जाये, इस आस के साथ कर्मचारी राजभवन के सामने 4 दिन से धरने पर बैठे हैं। 

मामले में सरकार ने साध रखी है चुप्पी
कर्मचारी धरने पर बैठे हैं। अनुबंध रिन्यू करने की मांग है, लेकिन अभी तक सरकार या विभाग की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यरत कर्मचारियों को कोरोना के दौरान भी ड्यूटी में लगाया गया। गांव-गांव में सर्वे का काम लिया गया। इनका कहना है कि हमने जान जोखिम में डालकर काम किया। कोई शिकायत नहीं की। आज हालात ऐसे हैं कि हमारी आजीविका छिन जाने का खतरा है। 

क्या जारी रहेगा कर्मचारियों का आंदोलन
आगे देखना होगा कि सरकार इस पर क्या कदम उठाती है। विभागीय स्तर पर क्या प्रयास किए जाते हैं। सरकार ने तो फिलहाल चुप्पी साध रखी है। हो सकता है कि आने वाले दिनों में स्वच्छ भारत मिशन के इन कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो। कर्मचारियों के पास वैसे भी इस महीने का ही वक्त है। उनके पास आंदोलन के अलावा और कोई रास्ता नहीं है।