logo

सादगी से मनाया गया स्वर्णिम विजय पर्व, जानिए! क्या है इस आयोजन का बांग्लादेश कनेक्शन

15986news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को दिल्ली में वॉल ऑफ फेम-1971 भारत-पाक युद्ध का उद्घाटन किया। गौरतलब है कि इसका निर्माण 1971 के भारत-पाक युद्ध में भारत की विजय के स्मारक के तौर पर किया गया है। उद्घाटन समारोह में रक्षा मंत्री ने सैन्य उपकरणों का निरीक्षण भी किया। 

सादगी से मनाया गया स्वर्णिम विजय पर्व
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सशस्त्र बल के जवानों के निधन के बाद हमने स्वर्णिम विजय पर्व को सादगी से मनाने का फैसला किया है। इस समय इंडियन एयर फोर्स के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का इलाज बेंगलुरु के कमांड अस्पताल में चल रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। 

रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान पर साधा निशाना
इस मौके पर राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान पर भी निशाना साधा। कहा कि पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देना चाहता है। 1971 में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान की योजनाओं को विफल कर दिया। हम आतंकवाद को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत ने बांग्लादेश में लोकतंत्र की स्थापना में योगदान दिया है। आज हम बहुत खुश हैं कि बीते 50 वर्षों में बांग्लादेश विकास के पथ पर आगे बढ़ा है। हमारी मजबूत आर्थिक-रणनीतिक साझेदारी है। 

बांग्लादेश के रूप में स्वतंत्र मुल्क सामने आया
गौरतलब है कि 1971 में भारत की तात्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने पश्चिमी पाकिस्तान के खिलाफ पूर्वी पाकिस्तान के समर्थन में खुली जंग का एलान कर दिया था। इस संघर्ष को बांग्लादेश मुक्ति संग्राम नाम दिया गया। इस युद्ध के बाद पूर्वी पाकिस्तान एक नये स्वतंत्र मुल्क बांग्लादेश के रूप में सामने आया। भारत इसी युद्ध के 50 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है।