logo

पीएम मोदी के बयान से बौखलाया तालिबान, क्या कहा पढ़िए! 

12198news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

तालिबान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर सख़्त आपत्ति जताई है। बीबीसी हिंदी के अनुसार रेडियो पाकिस्तान से बातचीत में तालिबानी नेता शहाबुद्दीन दिलावर ने कहा है कि भारत को जल्द ही पता चल जाएगा कि तालिबान अपनी सरकार सुचारू रूप से चला सकता है।

 

दिलावर ने भारत को चेतावनी दिया
दिलावर ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि वो अफ़ग़ानिस्तान के आंतरिक मामलों में दख़ल न दे। दरअसल पीएम मोदी ने कुछ दिन पहले गुजरात के सोमनाथ में कई परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा था कि आतंक के बलबूते साम्राज्य खड़ा करने वाले किसी कालखंड में कुछ समय के लिए भले ही हावी हो जाएं, लेकिन उसका अस्तित्व कभी स्थायी नहीं होता। हालांकि पीएम ने तालिबान का नाम नहीं लिया था। पीएम के इसी बयान पर तालिबान ने प्रतिक्रिया दी है। 

पाकिस्तान को तालिबान ने बताया मित्र देश
शहाबुद्दीन दिलावर ने पाकिस्तान को अफगानिस्तान का पड़ोसी और मित्र देश बताया है। पाकिस्तान का शुक्रिया अदा करते हुए दिलावर ने कहा कि उसने 30 लाख से अधिक अफ़ग़ान शरणार्थियों को अपने यहां पनाह दे रखी है। वो शरणार्थियों के कल्याण के लिए पाकिस्तान की सेवाओं के लिए उसका धन्यवाद करते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा था कि पाकिस्तान तालिबान का दूसरा घर है। 

15 अगस्त को हुआ था तालिबान का कब्जा
पंद्रह अगस्त को तालिबान ने अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल पर क़ब्ज़ा कर लिया था। तालिबान का दावा है कि अब अफ़ग़ानिस्तान पर उसका नियंत्रण है। तालिबान के काबुल में घुसने से पहले ही तत्कालीन राष्ट्रपति अशरफ़ ग़नी देश छोड़कर चले गए थे। इस बीच तालिबान के सत्ता संभालते ही बड़ी संख्या में लोग अफ़ग़ानिस्तान से जा रहे हैं।