logo

वैक्सीन की उपलब्धता पर केंद्र और राज्यों में तकरार, जानिए! स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन क्या बोले

7916news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
भारत में वैक्सीनेशन के तीसरे चरण की शुरुआत 1 मई से होगी। वैक्सीनेशन के तीसरे चरण की शुरुआत से पहले राज्य और केंद्र सरकार के बीच वैक्सीन की उपलब्धता को लेकर तकरार छिड़ गयी है। राज्यों का कहना है कि नागरिकों को टीका लगाने के लिए उनके पास पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन नहीं है। वहीं केंद्र सरकार ने कहा कि वैक्सीनेशन अभियान में राज्यों के प्रदर्शन के मुताबिक राज्यों को वैक्सीन की आपूर्ति की गयी है। किसी भी राज्य के पास वैक्सीन की कमी नहीं है। 

दिल्ली सहित कई राज्यों ने उठाया मुद्दा
दिल्ली सहित कई राज्यों ने वैक्सीन की कमी का मुद्दा उठाया है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि केंद्र सरकार प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। नागरिकों की संख्या के अनुपात में वैक्सीन उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। वैक्सीन की कीमतों को तीन कैटेगरीज में बांटकर भी केंद्र ने गलत किया है। कई और गैर बीजेपी शासन वाले राज्यों ने वैक्सीन की आपूर्ति का मामला उठाया है। इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि राज्यों को टीकाकरण के मामले में उनके प्रदर्शन के आधार पर वैक्सीन दी गयी है। 

राज्यों के पास वैक्सीन का पर्याप्त स्टॉक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्यों को वैक्सीन की 16 करोड़ डोज उपलब्ध करवाई गयी थी। इसमें से 14 करोड़ लोगों को डोज लगाया गया। इसका मतलब है कि बाकी वैक्सीन राज्यों के पास अभी भी है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ खउराक पाइपलाइन में है और अगले दो से तीन दिन में उपलब्ध करवाई जायेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एक भी दिन ऐसा नहीं गया जब राज्यों को उनकी क्षमता के मुताबिक वैक्सीन ना दी गयी हो। 

दिल्ली के पास वैक्सीन की उपलब्धता नहीं
इस बीच दिल्ली सरकार ने कहा कि उनके पास नागरिकों को टीका लगाने के लिए पर्याप्त वैक्सीन नहीं है। वो निजी कंपनियों की तरफ से आपूर्ति किए जाने का इंतजार कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जब पर्याप्त मात्रा में स्टॉक जमा हो जाएगा तो नागरिकों को इसकी जानकारी दी जायेगी। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि हमने कंपनियों से शीघ्र आपूर्ति की गुजारिश की है। 

झारखंड ने दिया 50 लाख डोज का ऑर्डर
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी बताया कि प्रदेश के लिए 50 लाख डोज का ऑर्डर दिया गया है। कोवैक्सीन के 25 लाख और कोविशील्ड की 25 लाख डोज का ऑर्डर दिया गया है। कंपनियों का कहना है कि वैक्सीन की आपूर्ति 20 मई तक हो पायेगी क्योंकि केंद्र के ऑर्डर की आपूर्ति किया जाना बाकी है। बन्ना गुप्ता के मुताबिक केंद्र सरकार ने 18 से 45 वर्ष की आयु वाले नागरिकों के टीकाकरण का जिम्मा पूरी तरह राज्यों पर छोड़ दिया है। राज्य को खुद वैक्सीन खरीदना होगा।