द फॉलोअप टीम, रांची:
रांची के कडरू स्थित न्यू एजी कॉलोनी में शिव मंदिर के पास सालों पुराने पीपल के पेड़ को काटने का मामला अब राष्ट्रपति भवन तक पहुंच चुका है। स्थानीय लोगों ने इसे आस्था का केंद्र बताते हुए राष्ट्रपति तक शिकायत कर दी। पीपल के पेड़ को काटने को लेकर विरोध जारी है। आस-पास के लोगों का कहना है कि कई दिनों से थोड़ा-थोड़ा कर के इस पीपल के पेड़ की कटाई की जा रही है। आखिरी बार 26 नवंबर को इस पेड़ को पूरा काटा गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर तीन मजदूरों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पेड़ को काटने के पीछे बिल्डर का हाथ
शिकायतकर्ता अमितेश कुमार सिंह ने बताया कि पीपल के पेड़ को काटने के पीछे बिल्डर आनंद दास, आशू गिरी और प्रबाल सिन्हा का हाथ बताया जा रहा है। वन विभाग की प्राथमिकी में इन तीनों बिल्डर्स के भी नाम हैं। तीनों फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। इस मामले को लेकर शिकायर्तकर्ता अमितेश कुमार सिंह ने बकायदा पत्र राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय वन मंत्री, राज्य के राज्यपाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेजा है। 3 नवंबर को भेजे गए इस पत्र में अमितेश कुमार सिंह ने पीपल के पेड़ को काटने के पीछे जिन लोगों का भी हाथ है, उन पर भारतीय वन अधिनियम-1927 के तहत पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासी अवधेश बताते हैं कि पीपल के पेड़ के ठीक पीछे समृद्धि नाम की बड़ी बिल्डिंग बनाई गई है. इसी बिल्डिंग की दीवार से सटकर पीपल का पेड़ था। तीनों बिल्डरों ने इस पेड़ को काटने के लिए मजदूरों को लगाया और एक रणनीति के तहत इस पेड़ की कटाई कई चरणों में की।