logo

असर दिखा रहा चक्रवाद जवाद! ओडिशा तट पर उठने लगी ऊंची लहरें, झारखंड के इन जिलों में होगा प्रभाव

असर दिखा रहा चक्रवाद जवाद! ओडिशा तट पर उठने लगी ऊंची लहरें, झारखंड के इन जिलों में होगा प्रभाव

द फॉलोअप टीम, रांचीः

चक्रवात जवाद के कारण आज कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। ओडिशा के पुरी के तटीय क्षेत्र में तेज़ हवाओं के साथ समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। ओडिशा में भारी बारिश भी शुरू हो गई है। हालांकि तूफान कमजोर होकर एक गहरे दबाव में बदल चुका है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार तूफान अपना रास्ता बदलकर ओडिशा के तट के पास पहुंच गया है। 
झारखंड में पड़ेगा असर 
इधर झारखंड में भी जवाद का असर दिखने लगा है। बादल छाये हुए है, हवा भी चल रही है।  जमशेदपुर और चाईबासा के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। पलामू प्रमंडल के कुछ इलाकों को छोड़कर बाकी सभी जिलों में जवाद का असर देखने को मिलेगा।  कोल्हान प्रमंडल में तेज बारिश भी हो सकती है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर के आसपास हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पलामू, चतरा, लातेहार और लोहरदगा में इसका असर नही देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने इन जिलों को छोड़ बाकी सभी जिलों में येलो एलर्ट का निर्देश दिया है। 

जवाद का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को अगले 24 घंटों के दौरान मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। इसने पुरी और जगतसिंहपुर जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इस बीच, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बालासोर, भद्रक केंद्रपाड़ा, जाजपुर, कटक, खोरधा, गंजम और गजपति जिलों में कुछ स्थानों के लिए येलो चेतावनी जारी किया गया है। रविवार यानी आज गंगीय पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं।